त्योहारों से पहले माहौल खराब करने की कोशिश! अमृतसर में दीवारों पर लिखे देशविरोधी नारे, पुलिस ने साफ करवाए
त्योहारों से ठीक पहले अमृतसर के भंडारी पुल पर देशविरोधी नारे लिखकर आपसी सौहार्द बिगाड़ने की साजिश रची गई। पुलिस ने तुरंत नारे मिटवाकर सीसीटीवी खंगालने शुरू कर दिए हैं।

स्लोगन साफ करता हुआ पेंटर।
HighLights
अमृतसर के भंडारी पुल पर देशविरोधी नारे लिखे गए।
खालिस्तान और गुरपतवंत सिंह पन्नू के समर्थन में नारे।
पुलिस ने तुरंत नारे मिटाए, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। आगामी पर्व-त्यौहारों के सीजन को ध्यान में रखते हुए जहां एक तरफ प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर शरारती तत्वों द्वारा शहर का आपसी सद्भाव और शांतिपूर्ण माहौल बिगाड़ने की बड़ी साजिश सामने आई है। अमृतसर के अति-व्यस्त भंडारी पुल की दीवार पर देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा इस हरकत को अंजाम दिया गया।
असामाजिक तत्वों ने खालिस्तान और प्रतिबंधित आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के समर्थन में देशविरोधी नारे लिखकर सनसनी फैला दी। शनिवार सुबह जैसे ही राहगीरों की नजर इन नारों पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। त्यौहारों के संवेदनशील समय में आपसी भाईचारा प्रभावित करने के उद्देश्य से रची गई इस साजिश की सूचना मिलते ही पुलिस अमला तुरंत हरकत में आया।
यह भी पढ़ें- तरनतारन में दूधवाले ने ASI की पत्नी से किया रेप, पिस्टल के बल पर बंधक बनाया; अश्लील वीडियो बना किया ब्लैकमेल
पुलिस ने पेंटर से करवाए नारे साफ
स्थिति का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने बिना कोई देरी किए मौके पर पेंटर को बुलवाया और दीवार पर लिखे आपत्तिजनक स्लोगन पर गहरा रंग लगवाकर उन्हें पूरी तरह से हटवा दिया। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से इस घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन त्यौहारों से ठीक पहले हुई इस हरकत को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- सोढल मेले में पार्क में झूले लगाने का मामला हाई कोर्ट पहुंचा, जालंधर निवासियों ने लगाए आरोप; निगम से जवाब तलब
पुलिस ने जांच की शुरू
शुरुआती पड़ताल में अंदेशा जताया जा रहा है कि शुक्रवार की देर रात अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्वों ने इस वारदात को अंजाम दिया है, ताकि त्यौहारों से पहले लोगों के बीच डर और तनाव का माहौल पैदा किया जा सके। पुलिस की तकनीकी टीमें भंडारी पुल और उसके आसपास के मुख्य रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की शांति और सौहार्द के साथ खिलवाड़ करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
