विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संगरूर में बेकाबू कार का कहर, लहरागागा-जाखल रोड पर मनरेगा मजदूरों को कुचला; 6 की दर्दनाक मौत

Published: Sun, 18 Oct 2026 06:06 PM (IST)

संगरूर के लहरागागा-जाखल रोड पर सड़क किनारे काम कर रही मनरेगा मजदूरों को एक तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया, जिससे आधा दर्जन मजदूरों की मौत हो गई।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्म्क तस्वीर है।

ये AI जनरेटेड प्रतीकात्म्क तस्वीर है।

HighLights

  1. लहरागागा में बेकाबू कार ने मनरेगा मजदूरों को कुचला।

  2. हादसे में 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत।

  3. पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू की।

संवाद सूत्र, लहरागागा (संगरूर)। पंजाब के संगरूर जिले के लहरागागा क्षेत्र में रविवार शाम को जाखल रोड पर गांव चोटियां के समीप एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मनरेगा के तहत काम कर रही महिला मजदूरों को एक बेकाबू तेज रफ्तार कार ने कुचल दिया। इस भीषण टक्कर के कारण करीब आधा दर्जन महिला मजदूरों की मौके पर ही या अस्पताल ले जाते समय मौत होने की सूचना मिली है, जबकि कई अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, रविवार की शाम को सड़क के किनारे मनरेगा के तहत करीब 23 मजदूर काम कर रहे थे। इन मजदूरों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल थे, जो अपनी मेहनत-मजदूरी में जुटे हुए थे।

इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर वहां आ पहुंची और काम कर रहे मजदूरों को अपनी चपेट में लेते हुए उन्हें रौंदती चली गई। हादसे की गति इतनी भयानक थी कि संभलने का मौका तक नहीं मिला।

यह भी पढ़ें- अबोहर में खाद्य सुरक्षा टीम का छापा, हाईवे पर पकड़ा गया संदिग्ध मावा; राजस्थान से पंजाब में हो रहा सप्लाई

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

इस अचानक हुए भीषण हादसे के बाद मौके पर भारी अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए सभी मजदूरों को तत्काल लहरागागा और सुनाम के सरकारी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की भी आशंका जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें- नशे के लिए पैसे न मिलने पर बेटा बना दरिंदा, बठिंडा में डंडे से हमला कर फोड़ा मां का सिर

प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे मौके पर

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। पुलिस ने हादसे के बाद फरार हुए वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर मॉर्चुरी में रखवाया है, ताकि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा सके। 

यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा हत्याकांड में इंसाफ तक काली पगड़ी पहनेंगे भाजपा अध्यक्ष केवल ढिल्लों, मानसा मोर्चे को दिया समर्थन