संगरूर आत्महत्या मामले में राष्ट्रीय SC आयोग सख्त, परिवार से मिले चेयरमैन; बोले- किसी को नहीं बख्शेंगे
गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने संज्ञान लिया। चेयरमैन किशोर मकवाना परिवार से मिले और पुलिस प्रशासन की भूमिका समेत आरोपों की जांच का भरोसा दिया।
HighLights
राष्ट्रीय एससी आयोग चेयरमैन किशोर मकवाना ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
गुलजार सिंह आत्महत्या मामले में न्याय का भरोसा, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर धमकियों, जबरन अंतिम संस्कार की जांच।
जागरण संवाददाता, संगरूर। संगरूर के विधानसभा हलका दिड़बा के गांव तूरबंजारा निवासी दलित मजदूर गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने सख्त संज्ञान लिया है। वीरवार को आयोग के चेयरमैन किशोर मकवाना गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
उन्होंने परिवार को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मामले में दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चेयरमैन के गांव पहुंचने से पहले दिड़बा के एसडीएम ने मृतक के घर पहुंचकर उसकी पत्नी पाल कौर को पांच लाख रुपये की सहायता राशि का चेक सौंपा।
किशोर मकवाना ने कहा कि गुलजार सिंह लगातार नशे के खिलाफ आवाज उठा रहे थे। परिवार की ओर से उन्हें धमकियां मिलने के आरोप लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि धमकाने और जबरन अंतिम संस्कार करवाने के आरोपों की भी जांच होगी। साथ ही पुलिस और प्रशासन की भूमिका की भी जांच की जाएगी। वहीं, किशोर मकवाना ने बताया कि परिवार ने एक मंत्री का नाम लिया है और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है।
यह भी पढ़ें- पंजाब कांग्रेस में गुटबाजी खत्म करने का नया फॉर्मूला! CM चेहरा अभी नहीं, राहुल गांधी खुद संभालेंगे कैंपेन
परिवार ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी पाल कौर और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि गुलजार सिंह नशे के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। परिवार का एक बेटा भी नशे की चपेट में है, जिसे लेकर वह परेशान रहते थे। परिवार के अनुसार, उन्होंने वरिष्ठ मंत्री के सामने भी नशे का मुद्दा उठाया था। इसके बाद उन्हें धमकियां मिलने लगीं।
परिवार का आरोप है कि धमकियों से परेशान होकर गुलजार सिंह ने सल्फास निगलकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद पुलिस और प्रशासन पर रीति-रिवाजों की अनदेखी करते हुए जबरन अंतिम संस्कार करवाने के आरोप भी लगाए गए।
पाल कौर ने आयोग के चेयरमैन से बेटे को सरकारी नौकरी देने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध करवाने की मांग की। उन्होंने बताया कि वह मधुमेह से पीड़ित हैं और काम करने की स्थिति में नहीं हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति भी खराब है।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में नशेड़ी पति की हैवानियत, नशे के लिए 30 हजार न मिलने पर पत्नी-सास पर रॉड से हमला; CCTV वायरल
एक आरोपित के फरार होने का दावा
मृतक के भाई बिक्कर सिंह बग्गा ने कहा कि नामजद पांचों आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एक आरोपित विदेश भाग गया है। परिवार ने उसकी जल्द गिरफ्तारी और सुरक्षा की मांग की।
किशोर मकवाना ने भरोसा दिलाया कि आयोग मामले में आवश्यक कदम उठाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का प्रयास करेगा।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर 36 दिन का ब्लॉक: 12 ट्रेनें रद्द, फिरोजपुर-अमृतसर रूट के यात्री होंगे परेशान
