Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Punjab Crime News: संगरूर में आपसी विवाद के चलते बुजुर्ग पर किया कुल्हाड़ी से वार, हुई मौत; परिवार के 5 सदस्य घायल

    संगरूर के घराचों गांव में हथियारों से लैस हमलावरों ने एक परिवार पर हमला किया जिसमें एक बुजुर्ग की मौत हो गई और चार घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हमला रंजिश के चलते किया गया था क्योंकि दोनों परिवारों के बीच पहले भी नहर के पानी की पाइपलाइन को लेकर विवाद था।

    By MANDEEP SINGH Edited By: Suprabha Saxena Updated: Thu, 29 May 2025 05:22 PM (IST)
    Hero Image
    बुजुर्ग के सिर पर कुल्हाड़ी से वार करने से मौत

    संवाद सूत्र, भवानीगढ़ (संगरूर)। हथियारों से लैस होकर आए हमलावरों ने गांव घराचों में बुधवार रात परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे एक बुजुर्ग की सिर पर कुल्हाड़ी लगने की वजह से मौत हो गई, जबकि एक महिला सहित चार पारिवारिक सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया। पुलिस ने बाप-बेटे समेत चार व्यक्तियों और पांच अज्ञात पर मामला दर्ज किया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जानकारी देते हुए सतगुर सिंह निवासी घराचों ने बताया कि वह इंडियन ऑयल कंपनी में टैंकर हेल्पर के तौर पर काम करता है। उसका चाचा लाभ सिंह अपनी बेटी की शादी के बाद उसके साथ उसी घर में रहता था।

    बुधवार रात साढे नौ बजे जब वह अपने घर पर था तो कार में सवार होकर आए पड़ोसी कुलदीप सिंह व उसके पिता दर्शन सिंह, सुखवीर सिंह, प्रदीप सिंह निवासी भुल्लरहेड़ी समेत पांच अज्ञात व्यक्तियों ने तेजधार हथियारों कुल्हाड़ी वगैरह से उन पर हमला कर दिया।

    कुलदीप सिंह ने चाचा लाभ सिंह के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया, जिससे लाभ सिंह बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा। हमलावरों में दर्शन सिंह, सुखवीर सिंह, प्रदीप सिंह ने उसके भाई गुरदीप सिंह, पिता कौर सिंह व माता बलजीत कौर पर लोहे के पाइप से हमला करके घायल कर दिया।

    सतगुर सिंह ने कहा कि परिवार की चीखें सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए, जिन्हें देखकर हमलावर वहां से भाग गए। इसके बाद उसके भतीजे परमजीत सिंह ने घायल हुए पारिवारिक सदस्याें को भवानीगढ़ के सरकारी अस्पताल भर्ती करवा दिया। जहां से प्राथमिक सहायता देने के बाद उन्हें रेफर कर दिया। वहां पर चाचा लाभ सिंह को डॉक्टरों ने मृतक एलान कर दिया।

    सतगुर सिंह ने बताया कि हमलावरों ने उनके परिवार पर रंजिश के चलते हमला किया है। जिसकी वजह खेत के नजदीकी डाली जा रही नहरी पानी की पाइपलाइन है। पंद्रह दिन पहले दोनों परिवार एक दूसरे के साथ झगड़ गए थे। हमले की रात से पहले कुलदीप सिंह व दर्शन सिंह का झगड़ा हुआ था। इसी के कारण परिवार पर हमला कर दिया।

    भवानीगढ़ के एसएचओ इंस्पेक्टर मालविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद लाश को वारिसों के हवाले कर दिया है। मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी बाकी है। पुलिस लगातार रेड करके तलाश कर रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।