प्यार में रोड़ा बने 3 बच्चों को मां ने राखी पर दी जहरीली मिठाई, संगरूर पुलिस ने किया गिरफ्तार; आशिक फरार
संगरूर के बखोपीर में रक्षाबंधन पर मिठाई खाने के बाद तीन बच्चों की मौत हुई। पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर प्रेमी को नामजद किया, गिरफ्तारी बाकी है।

घटना की जानकारी देते हुए संगरूर पुलिस के अधिकारी।
HighLights
रक्षाबंधन पर तीन बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
मां ने प्रेमी संग मिलकर बच्चों को जहर दिया।
पुलिस ने मां को किया गिरफ्तार, प्रेमी फरार।
जागरण संवाददाता, संगरूर। संगरूर में भवानीगढ़ के गांव बखोपीर में रक्षाबंधन के दिन तीन मासूम बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने उनकी मां को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि महिला ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर बच्चों को मिठाई में जहर मिलाकर खिला दिया था।
पुलिस के अनुसार, बच्चों को वह अपने प्रेम संबंधों में बाधा मानती थी। मामले में महिला के प्रेमी को भी नामजद किया गया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस तलाश कर रही है।
एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि रक्षाबंधन के दिन गांव बखोपीर में तीन बच्चों जसनूर कौर (6), अरमानदीप सिंह (5) और रिहानदीप सिंह (ढाई वर्ष) की मौत हो गई थी। शुरुआती जानकारी में परिवार की ओर से बताया गया था कि रक्षाबंधन के लिए घर लाई गई मिठाई खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़ गई और बाद में तीनों की मौत हो गई।
यह भी पढ़ें- पिता नहीं दिला पाए साइकिल, नाराज होकर 13 वर्षीय किशोर हनुमानगढ़ से पहुंचा गोल्डन टेंपल
पिता के बयानों पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस ने बच्चों के पिता कुलविंदर सिंह, जो ट्रक चालक हैं, के बयानों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू की तो घटनाक्रम को लेकर कई अहम तथ्य सामने आए।
पुलिस जांच में पता चला कि कुलविंदर सिंह की पत्नी लवप्रीत कौर के जलालाबाद, जिला फाजिल्का निवासी हरजीत सिंह के साथ कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस के अनुसार, लवप्रीत कौर बच्चों को इन संबंधों में बाधा मानती थी। जांच में यह भी सामने आया कि उसने कथित तौर पर हरजीत सिंह के कहने पर रक्षाबंधन के दिन मिठाई में जहरीला पदार्थ मिलाकर तीनों बच्चों को खिला दिया।
यह भी पढ़ें- गमाडा की नीलामी साइटों के 100 करोड़ घोटाले में ED की कार्रवाई, पंजाब और दिल्ली-NCR में 26 ठिकानों पर छापेमारी
आरोपी आशिक के लिए छापेमारी जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी (डी) सुखअमृत सिंह की अगुआई में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के बाद पुलिस ने लवप्रीत कौर को 22 सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हरजीत सिंह को भी मामले में नामजद किया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही हैं।
पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और बच्चों की मौत के पीछे की पूरी परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बरनाला में सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग करने वाले शूटरों की पुलिस से हुई मुठभेड़, एक की टांग पर लगी गोली
