'तीन महीने के अंदर मिलेगा इंसाफ..', पंजाब में गुलजार सिंह के घर पहुंचे अमित शाह; ध्यान से सुनीं परिवार की बातें
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संगरूर के तूरबंजारा गांव में मृतक गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की और उन्हें दो-तीन महीने में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।

गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात करते अमित शाह (जागरण फोटो)
HighLights
अमित शाह ने गुलजार सिंह के परिवार से मुलाकात की
दो-तीन महीने में न्याय दिलाने का आश्वासन दिया
परिवार ने सीबीआई जांच और कार्रवाई की मांग की
संवाद सूत्र, संगरूर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार दोपहर को दिड़बा के नजदीकी गांव तूरबंजारा में मृतक गुलजार सिंह के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की विस्तारपूर्वक जानकारी ली।
अमित शाह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि अगले दो-तीन महीने में उन्हें इंसाफ मिलेगा। उन्होंने कहा कि इंसाफ दिलाने के बाद वह गुलजार सिंह की आत्मिक शांति के लिए रखे जाने वाले भोग में भी शामिल होने आएंगे।
परिवार के सदस्यों के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री ने करीब 20 मिनट तक उनके साथ बातचीत की। इस दौरान उन्होंने घटनाक्रम से जुड़ी एक-एक बात पूछी और परिवार की मांगों को गंभीरता से सुना।
सीबीआई जांच की मांग की गई
परिवार ने मुलाकात के बाद बताया कि अमित शाह ने उन्हें जो आश्वासन दे सकते थे, वह दिया है। परिवार की मुख्य मांग है कि उन्हें पंजाब सरकार पर भरोसा नहीं है, इसलिए मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से करवाई जाए, ताकि उन्हें निष्पक्ष जांच के बाद इंसाफ मिल सके।
उधर, गुलजार सिंह के परिवार के साथही भाजपा की जिला प्रधान-2 दामन बाजवा ने गांव कनोई के आत्महत्या करने वालेसनमदीप सिंह के परिवार की भी अमित शाह से मुलाकात करवाई।
कथित आरोपित मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग
गुलजार सिंह की पत्नी पाल कौर सहित परिवार ने केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष एक बार फिर मामले में कथित तौर पर आरोपित मंत्री के खिलाफ केस दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
परिवार का कहना है कि जब तक उन्हें इंसाफ मिलने का भरोसा नहीं हो जाता, तब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई की जानी चाहिए।
गौरतलब है कि परिवार ने अभी तक गुलजार सिंह की अस्थियों का विसर्जन नहीं किया है। इसके अलावा, उनकी आत्मिक शांति के लिए भोग भी नहीं डाला गया है। परिवार इंसाफ मिलने की उम्मीद में अपनी मांगों पर कायम है।
अमित शाह ने परिवार को आश्वस्त किया कि उन्हें जल्द इंसाफ दिलाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने भरोसा दिया कि इंसाफ मिलने के बाद वह स्वयं गुलजार सिंह की आत्मिक शांति के भोग में शामिल होने पहुंचेंगे। अब परिवार को मामले में निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई का इंतजार है।
