गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से किया जवाब-तलब, शाह बोले- राज्य को नशामुक्त करने के लिए पूरी ताकत से करेंगे काम
गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में नशाखोरी और संगठित अपराध को लेकर भगवंत मान सरकार पर निशाना साधा है। ...और पढ़ें

पंजाब में नशाखोरी और अपराध पर शाह का हमला

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब में नशाखोरी और संगठित अपराध का उल्लेख करते हुए भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लिया है। पूछा कि पंजाब की जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
उन्होंने पंजाब को नशाखोरी और गैंग्सटर से मुक्त करने के लिए पूरी ताकत से काम करने का संकल्प भी दोहराया। दूसरी तरफ, पंजाब में ड्रग्स के खिलाफ खड़ा होने वालों की मौत और हत्या को लेकर गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से जवाब-तलब किया है।
मंत्रालय ने पंजाब के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर गुलजार सिंह की मौत के साथ-साथ ड्रग्स तस्करों द्वारा बिक्रमजीत सिंह और परविंदर सिंह झोटा की हत्या और मामले की जांच से संबंधित सारे तथ्य देने को कहा है। अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दल पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे को तेजी से उठा रहे हैं।
गृह मंत्रालय ने तीनों मौतों के लिए अलग-अलग पत्र भेजकर गृह सचिव से इसकी रिपोर्ट जल्द भेजने को कहा है। तीनों पत्र की कॉपी पंजाब के पुलिस महानिदेशक को भी भेजी गई है। 13 अक्टूबर को परविंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या को लेकर लिखे गए पत्र में गृह मंत्रालय ने ड्रग्स तस्करी रोकने के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी भी मांगी है।
मंत्रालय ने 2029 तक ड्रग्स मुक्त भारत बनाने के लिए तैयार किए गए विजन डाक्यूमेंट के अनुरूप कदमों के बारे में भी बताने को कहा है। विजय डाक्यूमेंट में राज्यों में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स बनाने, एनकोर्ड (नारकोटिक्स कोआर्डिनेशन सेंटर) की अनुशंसा के अनुरूप जरूरी वित्तीय जांच सुनिश्चित करने, नए एनडीपीएस (नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस) कोर्ट बनाने और सीमा पार से चलने वाले ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी की नियुक्ति जैसे कदम शामिल हैं।
वहीं, एक्स पर पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि पंजाब में नशे का कारोबार फल-फूल रहा है, संगठित अपराध का खतरा बढ़ रहा है और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मुख्यमंत्री पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि भगवंत मान जी, पंजाब की जनता को प्रचार नहीं, जवाब, घोषणाएं नहीं, परिणाम, नशे के नेटवर्क पर निर्णायक प्रहार और अपराधियों को मिलने वाले किसी भी राजनीतिक संरक्षण की निष्पक्ष जांच चाहिए।
उन्होंने पंजाब को नशामुक्त, गैंग्सटरमुक्त और सुरक्षित पंजाब बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करने का संकल्प दोहराया। कहा कि हमारा लक्ष्य नशे के कारोबार पर प्रहार, युवाओं के भविष्य की रक्षा, अपराधियों पर कठोर कार्रवाई और कानून का ऐसा राज स्थापित करना है, जिसमें कोई भी नागरिक भय के साए में जीने को मजबूर न हो।
