Punjab Flood: पंजाब में फिर मंडराया बाढ़ का खतरा, सतलुज में जलस्तर बढ़ने से खोले गए भाखड़ा डैम के गेट
बाढ़ से जूझ रहे पंजाब के लोगों को राहत मिलने की संभावना कम है क्योंकि भाखड़ा बांध के फ्लड गेट फिर से खोले जा रहे हैं। हिमाचल में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने यह फैसला लिया है। वीरवार को फ्लड गेटों को तीन फीट से बढ़ाकर चार फीट तक खोल दिया गया जिससे सतलुज में जलस्तर बढ़ने का खतरा मंडरा रहा है।

जासं. नंगल। बाढ़ से जूझ रहे राज्य के लोगों को अभी पूरी तरह राहत मिलती नजर नहीं आ रही। इसका मुख्य कारण बांधों से दरियाओं में छोड़ा जा रहा पानी है।
इसी बीच भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड ने आगामी दिनों में हिमाचल में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए भाखड़ा बांध के फ्लड गेट को एक बार फिर और खोलने का फैसला लिया है। वीरवार को फ्लड गेटों को तीन फीट से बढ़ाकर चार फीट तक खोल दिया गया।
इससे सतलुज में जलस्तर बढ़ने का खतरा एक बार फिर मंडराने लगा है। उधर, मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कुछ जिलों में भी वर्षा और इसके बाद दो दिन मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। राज्य में 15 सितंबर से एक बार फिर कई जिलों में वर्षा हो सकती है।
लुधियाना में सतलुज के पानी से 14 स्थानों पर तटबंध टूटने का खतरा मंडरा रहा है। यहां प्रशासन लगातार इनको मजबूत करने में लगा है। इसी तरह जालंधर में भी इसके तटबंध टूटने का खतरा पैदा हो गया है। ऐसे में सतलुज में पानी और आने से हरिके पत्तन से भी पानी और अधिक छोड़ा जाएगा। ऐसे में तरनतारन, फिरोजपुर और फाजिल्का जिले में जलस्तर और बढ़ने का खतरा पैदा हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।