पटियाला में पावरकाम मुख्यालय की छत पर चढ़े मृतक कर्मचारियों के आश्रित, पक्की नौकरी की मांग को लेकर प्रदर्शन
पटियाला में पावरकाम मुख्यालय की छत पर मृतक कर्मचारियों के आश्रित चढ़ गए हैं। वे अनुकंपा के आधार पर पक्की ...और पढ़ें

छत पर चढ़े आश्रित।
HighLights
मृतक कर्मचारियों के आश्रित PSPCL मुख्यालय की छत पर चढ़े।
स्थायी नौकरी और अनुकंपा नियुक्ति की कर रहे हैं मांग।
लिखित आदेश मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने की चेतावनी।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) के मुख्यालय में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे मृतक कर्मचारियों के आश्रित अचानक कार्यालय की छह मंजिला इमारत की छत पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार और पावरकाम प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि लंबे समय से उनकी जायज मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
मृतक आश्रित संघर्ष कमेटी के बैनर तले एकत्र हुए प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले कर्मचारियों के परिवार के सदस्यों को अनुकंपा के आधार पर स्थायी नौकरी देने का वादा अब तक पूरा नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें- 250 महिलाओं को रोजगार; 130 करोड़ का टर्नओवर, लुधियाना की मिनी ने ऐसे बदली सैकड़ों परिवारों की किस्मत
लंबित मांगें नहीं हुई पूरी
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि वे लंबे समय से शांतिपूर्ण ढंग से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों को कई मांगपत्र भी सौंपे जा चुके हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से उन्हें केवल आश्वासन ही मिले हैं। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, आर्थिक तंगी से जूझ रहे इन परिवारों के पास अब अपना संघर्ष तेज करने के अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और पावरकाम के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने इमारत के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी और प्रदर्शनकारियों को छत से नीचे उतारने के लिए उनसे बातचीत करने का प्रयास शुरू किया।
यह भी पढ़ें- LPU हिंसा जांच पर हाई कोर्ट सख्त, पंजाब पुलिस को लगाई फटकार; तत्काल गिरफ्तारी के दिए निर्देश
लिखित आदेश जारी होने तक प्रदर्शन रहेगा जारी
दूसरी ओर, संघर्ष कमेटी के नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक प्रबंधन की ओर से उन्हें स्थायी नियुक्ति के लिखित आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक वे छत से नीचे नहीं उतरेंगे। नेताओं ने कहा कि यदि इस दौरान किसी भी प्रदर्शनकारी को जान-माल का नुकसान होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी पावरकॉम प्रबंधन और पंजाब सरकार की होगी।
