LPU हिंसा जांच पर हाई कोर्ट सख्त, पंजाब पुलिस को लगाई फटकार; तत्काल गिरफ्तारी के दिए निर्देश
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी हिंसा मामले में पंजाब पुलिस की जांच पर गंभीर चिंता जताई है।
-1791799865747_m.webp)
एलपीयू हिंसा मामले में पंजाब पुलिस की जांच पर हाई कोर्ट ने उठाए सवाल।
HighLights
हाई कोर्ट ने एलपीयू हिंसा जांच में पंजाब पुलिस पर चिंता जताई।
पुलिस को आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट तुरंत हटाने का आदेश दिया।
दयानंद शर्मा, चंडीगढ़। पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में हिंसा से जुड़े मामले की जांच को लेकर पंजाब पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर चिंता जताई है। हाई कोर्ट ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जिस सतर्कता और तत्परता से जांच होनी चाहिए थी, अब तक उठाए गए कदम उससे काफी कम हैं।
अदालत ने पंजाब पुलिस को मामले के व्यापक प्रभावों को समझते हुए आरोपित को तत्काल गिरफ्तार करने और सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े खतरों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। मामले की अगली सुनवाई 27 अक्टूबर को होगी।
30 करोड़ की संपत्ति नष्ट होने का दावा
हाई कोर्ट ने कहा कि लगातार दो विश्वविद्यालयों में ऐसी घटना की सूचना प्रसारित की गई, जिसके वास्तविक होने की पुष्टि नहीं हुई। इसके बाद बड़े स्तर पर अशांति फैली। हिंसा के दौरान पंजाब पुलिस के तीन वाहन जला दिए गए और कई पुलिसकर्मी घायल हुए।
अदालत के समक्ष बताया गया कि लगभग 30 करोड़ रुपये की संपत्ति नष्ट हुई। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई घंटों तक यातायात भी बाधित रहा।
अफवाह के चक्कर में घटा पूरा घटनाक्रम
यह पूरा घटनाक्रम इस दावे के आधार पर हुआ कि विश्वविद्यालय के कर्मचारियों ने एक युवती के साथ यौन उत्पीड़न किया और बाद में उसने आत्महत्या कर ली।
अदालत ने कहा कि जब ऐसी घटना वास्तव में हुई ही नहीं, तो इंटरनेट मीडिया पर इसे प्रसारित करने के पीछे क्या उद्देश्य था, इसकी जांच बेहद गंभीरता से होनी चाहिए।
यह पता लगाना जरूरी है कि क्या किसी ने जानबूझकर अशांति फैलाने और सार्वजनिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने के लिए ऐसा किया। याचिकाकर्ता की ओर से जांच किसी स्वतंत्र केंद्रीय एजेंसी को सौंपने की मांग की गई।
हाई कोर्ट ने पंजाब पुलिस को दिया एक और मौका
हालांकि, हाई कोर्ट ने फिलहाल पंजाब पुलिस को मामले की गंभीरता को सही परिप्रेक्ष्य में समझने और प्रभावी कार्रवाई करने का एक और अवसर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि वह मामले से जुड़ी आशंकाओं को गंभीरता से ले रही है और जांच की मौजूदा दिशा को लेकर संतुष्ट नहीं है।
पंजाब सरकार की ओर से अदालत को बताया गया कि काउंटर इंटेलिजेंस मामले की जांच की प्रगति और उपलब्ध सूचनाओं की व्यक्तिगत स्तर पर समीक्षा कर रही है। तकनीकी आंकड़े भी एकत्र किए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने आरोपित को गिरफ्तार करने के लिए और समय देने का अनुरोध किया।
हाई कोर्ट ने निर्देश दिया कि काउंटर इंटेलिजेंस के आईजीपी द्वारा एडीजीपी साइबर क्राइम मल्होत्रा का शपथपत्र दाखिल किया जाए। अदालत ने इंटरनेट मीडिया मंचों को तत्काल सूचित कर विवादित और भ्रामक पोस्ट हटाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। अदालत ने कहा कि ऐसी सामग्री को हटाने के लिए तुरंत कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि गलत सूचनाओं के प्रसार पर जवाबदेही तय हो सके।
अदालत ने पुलिस को अगली सुनवाई में बेहतर तैयारी के साथ उपस्थित होने की हिदायत दी। सुनवाई के दौरान जांच में साजिश के पहलू की भी पड़ताल करने की मांग उठी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि भ्रामक सूचना फैलाने के पीछे कौन लोग थे और इसके पीछे कोई सुनियोजित योजना थी या नहीं।
