गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिस के जूते पहनकर घुसने पर बवाल, AAP नेताओं ने अकाल तख्त साहिब को सौंपा ज्ञापन
दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिस के जूते पहनकर प्रवेश करने के विरोध में आम आदमी पार्टी ने अकाल तख्त को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

मीडिया से बातचीत करते हुए आम आदमी पार्टी के विधायक व नेता।
HighLights
पुलिस के जूते पहनकर गुरुद्वारा बंगला साहिब में प्रवेश।
आम आदमी पार्टी ने अकाल तख्त को सौंपा ज्ञापन।
धार्मिक मर्यादा उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग की।
जागरण संवाददाता, अमृतसर। दिल्ली के गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिस के जूते पहनकर प्रवेश करने की घटना के विरोध में आम आदमी पार्टी ने ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। पार्टी के विधायकों और नेताओं ने डाॅ. इंद्रबीर सिंह निज्जर की अगुवाई में जत्थेदार को ज्ञापन सौंपा है।
पार्टी नेताओं ने कहा कि दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान कुछ छात्र गुरुद्वारा में आए थे। इनका पीछे करते हुए करते हुए पुलिस जूते पहनकर अंदर दाखिल हुई। यह मर्यादा का उल्लंघन है। इस पर अकाल तख्त साहिब को संज्ञान लेना चाहिए। इसी बीच विधायक गयासपुरा को अगर तक सचिवालय में जाने से रोक दिया गया।
यह भी पढ़ें- बंगला साहिब विवाद में DSGMC ने अरविंद केजरीवाल के खिलाफ दी शिकायत, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप
विधायक को कार्यालय में जाने से रोका
पायल हलका लुधियाना से विधायक मनविंदर सिंह गयासपुरा ने मीडिया के समक्ष आरोप लगाया कि उन्हें श्री अकाल तक साहिब सचिवालय में नहीं जाने दिया गया। उनका आरोप है कि मुझे एससी होने के कारण प्रवेश नहीं मिला।
हालांकि इस संबंध में विधायक इंद्रवीर सिंह निज्जर से जब बात की गई तो उन्होंने कहा कि मुझे इस बात की जानकारी नहीं है, आप अकाल तख्त सचिवालय में बात करें। दूसरी तरफ अकाल तख्त की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
डेढ दर्जन के करीब विधायक मंत्री पहुंचे
ज्ञापन सौंपने वालों में कैबिनेट रैंक प्राप्त बलजिंदर कौर, दसूहा के विधायक कर्मबीर सिंह घुम्मण, उड़मुड़ के विधायक जसवीर सिंह राजा, अमृतसर दक्षिणी के विधायक डाॅ. इंद्रबीर सिंह निज्जर, कादियां के हलका प्रभारी गुरइकबाल सिंह माहल, तरनतारन के विधायक हरमीत सिंह संधू, मुख्य प्रवक्ता एवं अजनाला के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल थे।
इनके अलावा डेरा बाबा नानक के विधायक गुरदीप सिंह रंधावा, अमृतसर पूर्वी की विधायक जीवनजोत कौर, महल कलां के विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी, खेमकरण के विधायक सरवन सिंह धुन्न, लुधियाना के विधायक कुलवंत सिंह ग्यासपुरा, बाबा बकाला के विधायक दलवीर सिंह तुंग, राजासांसी की हलका प्रभारी सोनिया मान, तरनतारन के प्रधान एवं जिला परिषद के चेयरमैन अंगदीप सिंह, खडूर साहिब के विधायक मनजिंदर सिंह लालपुरा और अटारी के विधायक जसविंदर सिंह रमदास शामिल हुए।
यह भी पढ़ें- गुरुद्वारा बंगला साहिब में पुलिस की एंट्री पर मचा बवाल, CM मान ने की निंदा; अकाली दल की चुप्पी पर भी उठे सवाल
सीएम मान भी कर चुके निंदा
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी इस घटना की निंदा कर चुके हैं। सीएम मान ने सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि दिल्ली पुलिस के जवान 'जबरदस्ती' गुरुद्वारे में घुस गए थे। आप के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि गुरुद्वारा साहिब में किसी के भी आने और ठहरने पर सवाल नहीं होना चाहिए।
यदि कुछ लोग वहां ठहरे हुए थे, तो वे कौन से अपराधी या आतंकवादी थे, जिन्हें बाहर निकालने के लिए पुलिस को इस तरह अंदर जाना पड़ा। उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई के कारणों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
