पटियाला से गायब 3 छात्राएं बिना पैसे घूमने निकली थीं, मोहाली-चंडीगढ़ जाते हुए भटकीं तो पहुंच गई पानीपत
पटियाला में वार्षिक समारोह के बाद लापता हुईं तीन 14 वर्षीय छात्राएं घूमने निकल गई थीं। पुलिस ने 24 घंटे में पानीपत से बरामद कर परिवार को सौंप दिया।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
HighLights
पटियाला से लापता तीन छात्राएं पानीपत से बरामद।
बिना बताए घूमने निकली थीं, मोहाली-चंडीगढ़ भी गईं।
अंबाला की बजाय ट्रेन से पानीपत पहुंच गईं।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अजीत नगर स्थित सेंट पीटर्स अकादमी के वार्षिक समारोह के बाद लापता हुईं तीन 14 वर्षीय छात्राओं को पुलिस ने करीब 24 घंटे की लगातार तलाश के बाद पानीपत से बरामद कर लिया। तीनों छात्राएं बिना बताए घूमने के लिए निकल गई थीं। बरामदगी के बाद पुलिस ने उनसे पूछताछ की तो पूरे घटनाक्रम की जानकारी सामने आई।
पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को स्कूल का वार्षिक समारोह खत्म होने के बाद तीनों छात्राएं बाहर निकलीं, लेकिन घर नहीं पहुंचीं। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस की विभिन्न टीमों ने छात्राओं की तलाश शुरू की।
यह भी पढ़ें- ड्रोन से पाकिस्तान से आई हथियारों की खेप, अमृतसर में छह विदेशी पिस्तौल और दस मैगजीन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
पहले से बना लिया था घूमने का प्लान
पूछताछ में छात्राओं ने बताया कि उन्होंने वार्षिक समारोह से एक दिन पहले ही घूमने का प्लान बना लिया था। तीनों अपने आधार कार्ड लेकर घर से निकली थीं। इसके बाद वे बिना किसी किराये के मोहाली और चंडीगढ़ पहुंच गईं।
मोहाली और चंडीगढ़ में कुछ समय घूमने के बाद तीनों ने आगे जाने का फैसला किया। बताया गया कि उन्होंने वहां गुरुद्वारा साहिब में रात भी बिताई। अगले दिन वे ट्रेन से अंबाला जाने के लिए रवाना हुईं।
छात्राओं के पास पर्याप्त पैसे नहीं थे। इसके चलते उन्होंने केवल दो टिकट खरीदे। हालांकि यात्रा के दौरान उन्हें यह पता ही नहीं चला कि वे अंबाला से आगे निकल चुकी हैं। तीनों सीधे पानीपत पहुंच गईं और वहीं उतर गईं।
यह भी पढ़ें- पंजाब के शिक्षकों के लिए डिजिटल पहल, 'द टीचर एप' लॉन्च; अब मोबाइल पर ही मिलेंगे पाठ योजना और AI टूल्स
हरियाणा पुलिस की मदद से मिलीं छात्राएं
पुलिस ने छात्राओं की तलाश के दौरान हरियाणा पुलिस से भी संपर्क किया। रेलवे स्टेशन और अन्य संभावित स्थानों पर जानकारी साझा की गई। लगातार प्रयासों के बाद 16 अगस्त को दोपहर के समय तीनों छात्राओं को पानीपत से ट्रेस कर लिया गया।
हरियाणा पुलिस के सहयोग से उन्हें रेलवे स्टेशन से बरामद कर पुलिस ने अपनी निगरानी में लिया। इसके बाद तीनों को पटियाला लाया गया। पूछताछ और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद छात्राओं को उनके परिवारों को सौंप दिया गया।
