पंजाब के शिक्षकों के लिए डिजिटल पहल, 'द टीचर एप' लॉन्च; अब मोबाइल पर ही मिलेंगे पाठ योजना और AI टूल्स
पंजाब के सरकारी शिक्षकों को मोबाइल पर प्रशिक्षण, पाठ योजनाएं, मूल्यांकन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरण मिलेंगे। मोगा में 18 अगस्त को इसकी जानकारी दी जाएगी।

ये AI जनरेटेड इमेज है।
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को डिजिटल मंच से जोड़ने की तैयारी है। भारती एयरटेल फाउंडेशन की ओर से विकसित ‘द टीचर एप’ के माध्यम से शिक्षकों को मोबाइल पर ही प्रशिक्षण पाठ्यक्रम, पाठ योजनाएं, मूल्यांकन, शिक्षण-अधिगम सामग्री और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित उपकरण उपलब्ध होंगे।
मोगा में 18 अगस्त को होने वाले कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को एप की सुविधाओं और इस्तेमाल की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद शिक्षक एप के माध्यम से अपनी सुविधा के अनुसार सीखने और प्रशिक्षण से जुड़ सकेंगे।
यह कार्यक्रम जिला प्रशासन और जिला शिक्षा कार्यालय, मोगा के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है। मोगा के जीटी रोड स्थित बुघीपुरा चौक के पास किंगडम होटल में होने वाले कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारियों के अलावा डीआरसी, बीआरसी, बीएनओ, सीएचटी, एचटी और अन्य संबंधित अधिकारी व आमंत्रित प्रतिभागी शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में हाई वोल्टेज ड्रामा, न्याय न मिलने से खफा दंपती ने पेट्रोल डाल दी जान देने की कोशिश, पुलिस ने बचाया
मिलेंगे प्रशिक्षण के संसाधन
‘द टीचर एप’ के जरिये शिक्षकों को अपने व्यावसायिक ज्ञान और शिक्षण कौशल को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के डिजिटल संसाधन मिलेंगे। शिक्षक एप पर उपलब्ध पाठ्यक्रमों का उपयोग कर सकेंगे। इसके साथ ही उन्हें मूल्यांकन, पाठ योजनाओं और शिक्षण-अधिगम से संबंधित सामग्री भी उपलब्ध होगी। इससे शिक्षक अपनी जरूरत के अनुसार संबंधित सामग्री तक मोबाइल के माध्यम से पहुंच बना सकेंगे।
एप में एआई आधारित शिक्षण उपकरण भी उपलब्ध होंगे। इनके माध्यम से शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से जुड़ी शिक्षण सुविधाओं का उपयोग करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा वेबिनार और अन्य प्रशिक्षण सामग्री भी एप पर उपलब्ध रहेगी।
अपनी सीखने की प्रगति भी देख सकेंगे शिक्षक
एप में ‘टीचर लर्निंग ट्रैजेक्टरी’ की सुविधा भी होगी। इसके माध्यम से शिक्षक अपने व्यावसायिक विकास से जुड़ी सीखने की यात्रा को आगे बढ़ा सकेंगे। लगातार प्रशिक्षण और नई शिक्षण तकनीकों से जुड़ने के लिए यह डिजिटल मंच उपयोगी होगा।
यह भी पढ़ें- 4 बार MLA, 2 बार पंजाब के वित्त मंत्री... CM मान तक को लड़वाया चुनाव; कौन हैं BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल
प्ले स्टोर और एप स्टोर से डाउनलोड
शिक्षक ‘द टीचर एप’ को गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर से डाउनलोड कर सकेंगे। एप में पंजीकरण के बाद उपलब्ध प्रशिक्षण और सीखने के संसाधनों का इस्तेमाल किया जा सकेगा। कार्यक्रम में शिक्षकों को एप डाउनलोड करने, पंजीकरण करने और उपलब्ध सुविधाओं का इस्तेमाल करने की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी।
मोगा में होगा प्रदर्शन सत्र
18 अगस्त को सुबह 11:15 बजे से कार्यक्रम में एप के संबंध में जानकारी दी जाएगी। दोपहर 12 से 1:30 बजे तक विशेष प्रदर्शन सत्र होगा। इसमें एप की सुविधाओं, पंजीकरण प्रक्रिया, लर्निंग रिसोर्स, पाठ्यक्रम, वेबिनार, एआई टूल्स और शिक्षण सामग्री की जानकारी दी जाएगी। शिक्षकों के सवालों के जवाब के लिए प्रश्नोत्तर सत्र भी होगा। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा, जिससे अन्य शिक्षक भी इसकी जानकारी ले सकेंगे।
इस पहल से शिक्षकों को लगातार व्यावसायिक विकास के लिए एक डिजिटल मंच मिलेगा। वे प्रशिक्षण सामग्री और आधुनिक शिक्षण संसाधनों का उपयोग मोबाइल के माध्यम से कर सकेंगे तथा अपनी शिक्षण क्षमता को समय के साथ विकसित करने के लिए उपलब्ध पाठ्यक्रमों से जुड़ सकेंगे।
