पटियाला में पूर्व फौजी हथियार तस्करी में गिरफ्तार, लॉरेंस गैंग से खरीद आगे करता था सप्लाई; 7 पिस्तौल बरामद
पटियाला सीआइए स्टाफ ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए हथियार सप्लाई करने वाले बर्खास्त पूर्व फौजी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से सात पिस्तौल और कारतूस बरामद हुए हैं।

रिकवरी की जानकारी देते हुए सीनियर अधिकारी।
HighLights
पटियाला में बर्खास्त पूर्व फौजी हथियार तस्करी में गिरफ्तार।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग को करता था अवैध हथियारों की सप्लाई।
सात आधुनिक पिस्तौल और 19 जिंदा कारतूस बरामद।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पंजाब के पटियाला जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए पटियाला सीआइए स्टाफ ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए हथियारों की तस्करी करने वाले एक बर्खास्त पूर्व फौजी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
पकड़ा गया आरोपी सेना से बर्खास्त किया जा चुका है और उसके खिलाफ पहले से ही हत्या, हत्या के प्रयास व जानलेवा हमले जैसे गंभीर मामलों में करीब दस आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से असामाजिक तत्वों के बीच हड़कंप मच गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान तेजेंदर सिंह उर्फ फौजी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पटियाला के दौण कलां गांव का रहने वाला है।
यह भी पढ़ें- पटियाला के थाने में ड्रग्स के साथ गिरफ्तार शख्स ने की आत्महत्या, फ्लश की पाइप से लटक दी जान
अधिकारियों को मिली थी गुप्त सूचना
पटियाला पुलिस को इस संबंध में गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बीती रात उसे थाना अर्बन एस्टेट के अंतर्गत आने वाले नए बस स्टैंड के नजदीक से घेराबंदी करके दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न किस्म के सात आधुनिक पिस्तौल और उन्नीस जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
शुरुआती पुलिस पूछताछ में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि आरोपी लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सीधे संपर्क में था और राज्य के विभिन्न आपराधिक तत्वों को अवैध हथियारों की खेप सप्लाई करता था।
यह भी पढ़ें- 'पंजाब में नशा खत्म करना है तो बीजेपी को दो मौका...', लुधियाना में बोले सांसद मनोज तिवारी
सिख रेजीमेंट नें निभा चुका सेवा
सिख रेजीमेंट में सेवा के दौरान बर्खास्त होने के बाद वह पूरी तरह से जघन्य अपराधों और तस्करी की दुनिया में उतर गया था। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि वह इन अवैध हथियारों को कहां से मंगवाता था और पंजाब के किन-किन गैंगस्टरों या बदमाशों को इनकी डिलीवरी देता था।
पुलिस अधिकारियों का दावा है कि आरोपी से रिमांड के दौरान कई और बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है, जिसके आधार पर इस पूरे हथियार तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह से बेनकाब किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- युवा वोटर बदलाव को तैयार, पंजाब चुनाव में नशा है मुद्दा; प्रदेश प्रधान ने बताया यूथ कांग्रेस का मास्टर प्लान
