'पंजाब में नशा खत्म करना है तो बीजेपी को दो मौका...', लुधियाना में बोले सांसद मनोज तिवारी
लुधियाना में 'नशा मुक्ति यात्रा' के दौरान मनोज तिवारी ने AAP सरकार पर पंजाब में नशा खत्म करने के वादे में विफल रहने का आरोप लगाया।

पंजाब में नशा खत्म करना है तो भाजपा को दो एक बार मौका- सांसद मनोज तिवारी
विजय मौर्य, लुधियाना। पंजाब में नशे के खिलाफ भाजपा की ओर से निकाली जा रही नशा मुक्ति यात्रा मंगलवार को लुधियाना के ईसा नगरी पहुंची। इस दौरान आयोजित जनसभा में भाजपा के राष्ट्रीय नेता एवं सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले आप नेताओं ने छह महीने में पंजाब से नशा खत्म करने का वादा किया था। लेकिन सरकार के कार्यकाल के वर्षों बाद भी नशा खत्म नहीं हुआ। उन्होंने सवाल किया कि जब सरकार ही नशा बिकवाने में लग जाए तो क्या होगा?
मनोज तिवारी ने कहा कि पंजाब की जवानी नशे की गिरफ्त में जा रही है और परिवार बर्बाद हो रहे हैं। उन्होंने हाल ही में एक एएसआई के पास से बड़ी मात्रा में नशा बरामद होने के मामले का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि सरकारी तंत्र से जुड़े कुछ लोग भी नशे के कारोबार में शामिल हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि नशा तस्करों पर कार्रवाई के बजाय यदि व्यवस्था के लोग ही इसमें शामिल होने लगें तो समस्या और गंभीर हो जाती है। हालांकि, संबंधित मामलों में अंतिम तथ्य जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।
नशामुक्त पंजाब भाजपा का वादा नहीं, संकल्प : तिवारी
तिवारी ने कहा कि भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संकल्प है कि पंजाब से नशे को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी वादा नहीं, बल्कि संकल्प है। भाजपा की सरकार बनने पर सबसे पहले नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, 'भाजपा जो कहती है, वह करती भी है और इसका उदाहरण देश के सामने है।'

उन्होंने उत्तर प्रदेश समेत भाजपा शासित राज्यों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां अपराध के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गई है। उत्तर प्रदेश में गैंगस्टरवाद के खिलाफ कार्रवाई और कानून-व्यवस्था को लेकर उठाए गए कदमों का जिक्र किया।
दिल्ली के बाद पंजाब में भी जनता लेगी हिसाब
तिवारी ने कहा कि आप ने दिल्ली में भी जनता से कई वादे किए और लंबे समय तक लोगों को गुमराह किया। लेकिन अंत में जनता ने उन्हें सत्ता से बाहर कर दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब में भी अब जनता सरकार के काम का हिसाब लेगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए भाजपा को मौका दें। तिवारी ने कहा कि 'पंजाब नशामुक्त होगा तो भारत नशामुक्त होगा।' उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने पर विकास के साथ नशे के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करना प्राथमिकता होगी।
