विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटियाला में पुलिस शिकायत से खफा बदमाशों ने युवक पर किया हमला, बचाव में 4 साल की बच्ची घायल; सांस की नली कटी

Published: Sat, 19 Sep 2026 01:14 PM (IST)

नाभा में पिता पर तेजधार हथियार से किए हमले का वार चार साल की बेटी के गले पर लगा। बच्ची ...और पढ़ें

घायल बच्ची का पिता जानकारी देता हुआ।

घायल बच्ची का पिता जानकारी देता हुआ।

HighLights

  1. नाभा में पिता पर हमले के दौरान बच्ची गंभीर घायल हुई।

  2. चार साल की बच्ची की सांस की नली तेजधार हथियार से कटी।

  3. लूट की शिकायत दर्ज कराने पर हमलावरों ने किया प्रतिशोध।

जागरण संवाददाता, नाभा (पटियाला)। पटियाला के नाभा क्षेत्र में पिता पर किए गए तेजधार हथियार के हमले में चार साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि पिता पर किए जा रहे वार से बचाव करने के दौरान हथियार बच्ची के गले पर लग गया। इससे उसकी सांस की नली कट गई। घायल बच्ची को उपचार के लिए राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

बच्ची के पिता गुरविंदर सिंह निवासी बौड़ा कलां ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि वह 19 सितंबर की सुबह अपनी बेटी के साथ बाइक पर सवार होकर बौड़ा कलां जा रहे थे। सुबह करीब सवा नौ बजे रास्ते में तीन युवक खड़े थे। तीनों युवकों ने कुछ दिन पहले लूट की घटना को अंजाम दिया था। शिकायत से खफा लोगों ने ही इस घटना को अंजाम दिया।

यह भी पढ़ें- लुधियाना में मिला महिला का शव, गर्दन-पेट पर तेजधार हथियार से हुए वार; हाथ पर बने टैटू से पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस और विधायक की धमकी दी

गुरविंदर सिंह के अनुसार, तीनों युवकों ने उन्हें धमकाते हुए कहा कि उनका पुलिस और विधायक कुछ नहीं बिगाड़ सकते। इसके बाद उनमें से एक युवक ने तेजधार हथियार से उन पर हमला कर दिया। उन्होंने हमले से बचने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान हथियार का वार बाइक पर बैठी उनकी चार साल की बेटी के गले पर लग गया।

वार लगने से बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद तीनों युवक कथित तौर पर धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। बच्ची को उपचार के लिए राजिंदरा अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- सचिन पायलट की सीक्रेट रिपोर्ट, जल्द हाईकमान को सौंपी जाएगी; ये तय करेगी पंजाब कांग्रेस के दिग्गजों की भूमिका

दो दिन पहले दी थी लूट की शिकायत

गुरविंदर सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को नाभा में उनके साथ लूट की घटना हुई थी। इस संबंध में उन्होंने थाना सदर नाभा में शिकायत दर्ज करवाई थी। उनका शक है कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात लोगों ने ही इस हमले को अंजाम दिया है।

उन्होंने बताया कि लूट की शिकायत दर्ज करवाने के बाद दो दिन के भीतर उन पर हमला किया गया। इस कारण उन्हें आशंका है कि दोनों घटनाओं के बीच संबंध हो सकता है। हालांकि, हमले के पीछे वास्तविक कारण और आरोपितों की पहचान पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट

घटना में चार साल की बच्ची के घायल होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है। बच्ची के पिता ने हमले के संबंध में जानकारी साझा करते हुए आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

यह भी पढ़ें- फरीदकोट में विधायक आवास के पास समिली व्यक्ति की लाश, चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; जांच में जुटी पुलिस