लुधियाना में मिला महिला का शव, गर्दन-पेट पर तेजधार हथियार से हुए वार; हाथ पर बने टैटू से पहचान में जुटी पुलिस
नहर किनारे 30 वर्षीय अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ है। मृतका की गर्दन और पेट पर धारदार हथियार के ...और पढ़ें

बाजू पर बने टैटू, जिससे पहचान की जा रही है।
HighLights
लुधियाना में नहर किनारे अज्ञात महिला का शव मिला।
महिला की गर्दन और पेट पर धारदार हथियार से वार।
पुलिस टैटू और गुमशुदगी रिकॉर्ड से पहचान कर रही।
संवाद सहयोगी, लुधियाना। इलाके में उस समय भारी दहशत और सनसनी फैल गई जब एक सुनसान सड़क के पास नहर किनारे लगभग 30 वर्षीय अज्ञात महिला का संदिग्ध परिस्थितियों में शव बरामद हुआ। महिला की बड़ी ही बेरहमी से हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह धारदार हथियार से प्रहार किए जाने के खौफनाक निशान मिले हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। फॉरेंसिक टीम और पुलिस द्वारा की गई प्राथमिक जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। मृतका की गर्दन और पेट के हिस्से पर किसी बेहद तेजधार हथियार से गहरे और जानलेवा वार किए गए हैं।
अत्यधिक खून बह जाने के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्यारों ने वारदात को किसी अन्य स्थान पर अंजाम दिया और उसके बाद पहचान छिपाने व साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को लाकर यहां फेंक दिया।
यह भी पढ़ें- सचिन पायलट की सीक्रेट रिपोर्ट, जल्द हाईकमान को सौंपी जाएगी; ये तय करेगी पंजाब कांग्रेस के दिग्गजों की भूमिका
गुमशुदगी की शिकायतों का जांचा जा रहा रिकॉर्ड
मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। महिला के दाएं बाजू पर एक नाम का टैटू बना हुआ है, जबकि बाएं बाजू पर तीन स्टार के निशान बने हुए हैं। पुलिस इन्हीं विशिष्ट निशानों और टैटू को आधार बनाकर महिला की पहचान करने में जुटी है। इसके साथ ही आसपास के सभी थानों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है ताकि मृतका का सुराग मिल सके।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में विधायक आवास के पास समिली व्यक्ति की लाश, चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; जांच में जुटी पुलिस
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
शव को कब्जे में लेकर नजदीकी अस्पताल के शवगृह में पहचान व सुरक्षित रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिनाख्त होने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। घटनास्थल और उससे जुड़ने वाले मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि संदिग्ध वाहनों और आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
