सचिन पायलट की सीक्रेट रिपोर्ट, जल्द हाईकमान को सौंपी जाएगी; ये तय करेगी पंजाब कांग्रेस के दिग्गजों की भूमिका
प्रभारी सचिन पायलट इसी सप्ताह हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंप सकते हैं। चंडीगढ़ दौरे के फीडबैक के आधार पर तैयार यह रिपोर्ट विधानसभा चुनाव अभियान की दिशा तय करेगी।

पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट।
HighLights
पायलट पंजाब कांग्रेस की स्थिति पर हाईकमान को रिपोर्ट सौंपेंगे।
रिपोर्ट में संगठन मजबूती और चुनाव तैयारियों के सुझाव शामिल होंगे।
यह रिपोर्ट पंजाब कांग्रेस के आगामी अभियान की दिशा तय करेगी।
डॉ. सुमित सिंह श्योराण, चंडीगढ़। पंजाब कांग्रेस के नए प्रभारी सचिन पायलट विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठन की स्थिति और नेताओं के बीच समन्वय को लेकर इसी सप्ताह कांग्रेस हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंप सकते हैं। पायलट के पंजाब दौरे के बाद अब कांग्रेस में आगे के अभियान की तैयारियों को लेकर गतिविधियां तेज होने की संभावना है।
माना जा रहा है कि पायलट की रिपोर्ट के आधार पर पंजाब कांग्रेस के लिए आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। सचिन पायलट की ओर से अभी तक पंजाब के सभी लगभग नेताओं से मीटिंग की जा चुकी है पायलट ने नया पदभार संभालने के बाद से ही पंजाब कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं से फीडबैक लेना शुरू कर दिया है।
यह भी पढ़ें- फरीदकोट में विधायक आवास के पास समिली व्यक्ति की लाश, चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त; जांच में जुटी पुलिस
फीडबैक के लिए टीम नियुक्त
पायलट की ओर से पंजाब कांग्रेस की रिपोर्ट के लिए खास तौर पर एक टीम नियुक्त की गई है, जो हर स्तर पर फीडबैक ले रही है। हाल ही में चंडीगढ़ दौरे के दौरान पार्टी के अलग-अलग गुटों से जुड़े नेता एक मंच पर नजर आए थे। इस दौरान पायलट ने प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से अलग-अलग मुलाकात कर संगठन की स्थिति, आपसी समन्वय और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जानकारी ली थी।
सूत्रों के अनुसार, पायलट अपने दौरे के दौरान हुई बैठकों और नेताओं से मिली जानकारी के आधार पर पंजाब कांग्रेस की मौजूदा स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं। यह रिपोर्ट कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को सौंपी जा सकती है। रिपोर्ट में संगठन को मजबूत करने, नेताओं के बीच बेहतर तालमेल बनाने, जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने से जुड़े सुझाव शामिल हो सकते हैं।
यह भी पढ़ें- होशियारपुर में गोलियों की आवाज से गूंजा बाजार, कपड़े की दुकान में व्यापारी पर की फायरिंग; हमलावर फरार
नेताओं से फोन पर भी हो रहा संपर्क
पायलट ने चंडीगढ़ दौरे के बाद भी पंजाब कांग्रेस के कुछ नेताओं से फोन पर बातचीत कर फीडबैक लिया है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि वह संगठन से जुड़े मुद्दों को लेकर विस्तृत जानकारी जुटा रहे हैं। रिपोर्ट में नेताओं की भूमिका और संगठन के स्तर पर सामने आ रही चुनौतियों को भी शामिल किए जाने की संभावना है।
रिपोर्ट हाईकमान को सौंपे जाने के बाद पंजाब कांग्रेस के अभियान को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की तैयारी होगी।
इसके तहत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के साथ ही आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की घोषणा की जा सकती है। राहुल गांधी के प्रस्तावित पंजाब दौरे को लेकर भी इसी दौरान रूपरेखा तैयार होने की संभावना है। पायलट एक बार फिर पंजाब का दौरा कर वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर सकते हैं। ऐसे में उनकी रिपोर्ट को पंजाब कांग्रेस के आगामी अभियान की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
