चितकारा यूनिवर्सिटी विवाद पर महिला आयोग सख्त, गायब छात्राओं के दावों पर पुलिस और प्रबंधन से मांगा जवाब
चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों के विरोध और इंटरनेट मीडिया पर वायरल खबरों पर संज्ञान लेते हुए राज्य महिला आयोग ने ...और पढ़ें

चिककारा यूनिवर्सिटी में हुए विवाद की तस्वीरें।
HighLights
महिला आयोग ने चितकारा यूनिवर्सिटी विवाद का संज्ञान लिया।
छात्राओं की सुरक्षा और लापता होने के दावों पर रिपोर्ट मांगी।
पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रबंधन को 30 सितंबर तक जवाब देना।
जागरण संवाददाता, पटियाला। चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्रों से जुड़े मामले और इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही खबरों को लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लिया है। आयोग ने पटियाला के संबंधित पुलिस अधिकारियों और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से मामले की तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है।
आयोग की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं से संबंधित कुछ खबरें/जानकारियां इंटरनेट मीडिया और मीडिया में सामने आई हैं। इसके बाद छात्रों की ओर से विरोध प्रदर्शन किए जाने का मामला भी सामने आया है।
महिला आयोग ने मामले में छात्राओं की सुरक्षा, कथित तौर पर छात्राओं के लापता होने से संबंधित शिकायतों तथा इंटरनेट मीडिया पर वायरल खबरों की वास्तविकता को लेकर पुलिस से विस्तृत जानकारी मांगी है।
यह भी पढ़ें- अमित शाह की जालंधर रैली से दो दिन पहले LPU विवाद पर उठे सवाल, भाजपा ने बताया सोची-समझी साजिश
आयोग ने अधिकारियों से मुख्य रूप से चार बिंदुओं पर रिपोर्ट मांगी है-
1. यूनिवर्सिटी कैंपस या हास्टल में किसी छात्रा के लापता होने अथवा किसी अप्रिय घटना को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज हुई है या नहीं और उस पर क्या कार्रवाई की गई।
2. छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर यूनिवर्सिटी प्रबंधन की ओर से किए गए प्रयासों की जानकारी।
3. मीडिया और इंटरनेट मीडिया पर वायरल खबरों/अफवाहों की सच्चाई की जांच के संबंध में पुलिस की कार्रवाई और तथ्यात्मक रिपोर्ट।
4. छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए यूनिवर्सिटी की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी।
पंजाब राज्य महिला आयोग ने संबंधित अधिकारियों को परसों 30 सितंबर तक रिपोर्ट आयोग के समक्ष पेश करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें- LPU में बवाल के बाद महिला आयोग हुआ सख्त, हॉस्टल सुरक्षा और वायरल वीडियो पर पुलिस से मांगा जवाब
पढ़ें चुनाव आयोग का आदेश

जानें क्या हुआ था चितकारा यूनिवर्सिटी में
चितकारा यूनिवर्सिटी में 25-26 सितंबर 2026 की रात सोशल मीडिया पर हॉस्टल में भूत होने और छात्राओं के सुसाइड व लापता होने की झूठी अफवाहें वायरल होने के बाद भारी हंगामा हुआ था। इन दावों से घबराकर सैकड़ों छात्र-छात्राएं आधी रात को हॉस्टल से बाहर निकल आए और कैंपस में प्रदर्शन करने लगे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जब पुलिस बुलाई गई, तो नाराज छात्रों की पुलिसकर्मियों से झड़प हो गई और उन्होंने सरकारी गाड़ियों में तोड़फोड़ भी की। बाद में पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि आत्महत्या या गायब होने की कोई भी घटना नहीं हुई है और यह पूरा मामला पूरी तरह से एक कोरी अफवाह थी।
