LPU में बवाल के बाद महिला आयोग हुआ सख्त, हॉस्टल सुरक्षा और वायरल वीडियो पर पुलिस से मांगा जवाब
एलपीयू विवाद में महिला आयोग हुआ सख्त। हॉस्टल में कथित घटना और इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो के मामले में ...और पढ़ें

LPU में प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों ने आग लगा दी।
HighLights
महिला आयोग ने LPU हॉस्टल सुरक्षा पर पुलिस से विस्तृत जवाब मांगा।
वायरल हो रहे फर्जी वीडियो की सच्चाई पर भी रिपोर्ट तलब की।
पुलिस प्रशासन पर सुरक्षा सुधारने और अफवाह रोकने का दबाव बढ़ा।
जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) के हॉस्टल में छात्रा से कथित दुष्कर्म के दावों और इंटरनेट मीडिया पर लगातार प्रसारित हो रहे फर्जी वीडियो मामले में राज्य महिला आयोग सख्त हो गया है। आयोग ने परिसर के भीतर छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन से विस्तृत जवाब तलब किया है।
पिछले कुछ दिनों से इंटरनेट मीडिया पर हॉस्टल में सुरक्षा में चूक और छात्राओं के आरोपों से जुड़े कई वीडियो तेजी से फैल रहे हैं, जिसे लेकर आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग ने पुलिस विभाग से पूछा है कि परिसर के हॉस्टलों के अंदर छात्राओं की सुरक्षा के क्या पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का सच क्या है।
यह भी पढ़ें- 'दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा...', LPU में बवाल के बाद CM मान सख्त; डीजीपी गौरव यादव को ग्राउंड पर जाने के निर्देश
पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट मांगी
महिला आयोग ने इस पूरे घटनाक्रम में अब तक की गई पुलिस कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पेश करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि रविवार रात को परिसर में हुई पत्थरबाजी और आगजनी की हिंसक घटनाओं के बाद पुलिस के उच्च अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ परिसर का दौरा किया था।
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने हॉस्टलों में जाकर सुरक्षा व्यवस्था का खुद जायजा लिया था और वहां रह रही छात्राओं से बातचीत कर स्थिति का आकलन किया था। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा फर्जी और मनगढ़ंत वीडियो प्रसारित करके भ्रम और डर का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है। ऐसे भ्रामक वीडियो फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
यह भी पढ़ें- LPU Protest: नेशनल हाईवे खुला और कई छात्र हिरासत में, पुलिस कमिश्नर बोले- सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो फेक
सुरक्षा और जांच पर बढ़ा दबाव
राज्य महिला आयोग के सख्त रुख के बाद अब पुलिस प्रशासन पर हॉस्टल की सुरक्षा प्रणाली को दुरुस्त करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आयोग द्वारा मांगे गए सभी सवालों का जवाब जल्द से जल्द सौंप दिया जाएगा और परिसर में छात्राओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
