पंजाब में सालियों से परेशान जीजा ने की आत्महत्या, नहर में कूदकर दी जान
पटियाला में शहीद ऊधम सिंह नगर के एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक जगतार सिंह अपनी सालियों की दखलअंदाजी से परेशान था। उसकी बेटी मनीषा की शिकायत पर पुलिस ने साली साले और बेटे के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जगतार सिंह की पत्नी की मृत्यु के बाद सालियों का हस्तक्षेप बढ़ गया था जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था।

जागरण संवाददाता, पटियाला। शहीद ऊधम सिंह नगर झिल रोड निवासी एक 50 वर्षीय व्यक्ति ने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। यह व्यक्ति अपने घर में सालियों की दखलअंदाजी से परेशान था।
तीन अगस्त को मृतक जगतार सिंह का शव मिलने के बाद मृतक की बेटी मनीषा की शिकायत पर जगतार सिंह की साली किंदर, बिंदो और बेटे मनप्रीत सिंह के अलावा मृतक के साले की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
जगतार सिंह प्राइवेट काम करता था। कुछ समय पहले उसकी पत्नी का निधन हो गया था, जिसके बाद उसके घर में साली किंदर व बिंदो की दखलअंदाजी बढ़ गई थी। जगतार सिंह का बेटा भी अपनी मौसियों के कहने पर घर में झगड़ा करने लगा था।
22 जुलाई को जगतार सिंह का बेटा घर से निकल गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बेटे की तलाश में जगतार सिंह अपनी साली किंदर कौर व बिंदों के घर तरनतारन गया, लेकिन उसके बाद वह लौटकर नहीं आया।
मनीषा ने बताया कि वह अपने पिता की तलाश कर रही थी कि उनका शव तीन अगस्त को भाखड़ा नहर से मिला। मनीषा ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सालियों और बेटे से परेशान थे, जिस कारण उन्होंने आत्महत्या की।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।