पटियाला पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी; जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम, तलाशी जारी
पटियाला में डाकघर स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड ...और पढ़ें

धमकी के बाद जांच के लिए पहुंची पुलिस।
HighLights
पटियाला पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली।
पुलिस ने डाकघर भवन की गहन तलाशी ली, कुछ नहीं मिला।
साइबर टीम धमकी के स्रोत की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, पटियाला। पटियाला शहर में उस समय हड़कंप मच गया जब डाकघर की बिल्डिंग में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। डीएसपी सिटी-1 सतनाम सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरे परिसर की जांच शुरू करवाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पासपोर्ट कार्यालय को एक धमकी भरा संदेश मिला, जिसके बाद एहतियातन भवन को खाली करवाया गया। पुलिस ने तुरंत आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड को भी मौके पर बुलाया गया। पूरे डाकघर भवन और पासपोर्ट कार्यालय की गहन तलाशी ली गई।
हालांकि प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए साइबर टीम को भी जांच में शामिल किया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किस माध्यम से और किस व्यक्ति द्वारा दी गई।
यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में फंसे लोगों के लिए पंजाब सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, मस्कट से आ सकते हैं भारत
पंजाब में लगातार मिल रही धमकियां
पंजाब में इससे पहले भी सरकारी दफ्तरों, स्कूलों और अदालतों को ईमेल या फोन के जरिए बम की धमकियां मिल चुकी हैं। कई मामलों में जांच के दौरान यह सामने आया कि धमकियां शरारतन या फर्जी थीं, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां किसी भी सूचना को हल्के में नहीं लेतीं। पिछले वर्ष भी कुछ जिलों में अदालत परिसरों और शैक्षणिक संस्थानों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं, जिनकी बाद में जांच की गई थी।
यह भी पढ़ें- मोगा जालंधर हाईवे पर चलती कार में लगी आग; कुछ ही मिनटों में वाहन जलकर राख, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
पुलिस जांच में जुटी
डीएसपी सिटी-1 सतनाम सिंह ने कहा कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। आम जनता से अपील की गई है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
धमकी के चलते कुछ समय के लिए पासपोर्ट कार्यालय का कामकाज प्रभावित रहा, लेकिन जांच पूरी होने के बाद स्थिति सामान्य कर दी गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह शरारत है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।
