बठिंडा में बेअदबी की घटना से तनाव, बाबा दीप सिंह नगर में गुटका साहिब के अंग फटे मिले
बठिंडा के बाबा दीप सिंह नगर में गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्तियों ने पवित्र ...और पढ़ें

बठिंडा में गुटका साहिब की बेअदबी (फोटो: जागरण)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, बठिंडा। शहर के बाबा दीप सिंह नगर क्षेत्र में गुरुद्वारा साहिब के निकट गुटका साहिब की बेअदबी का मामला सामने आया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा गुटका साहिब के अंग फाड़कर इधर-उधर फेंक दिए जाने से इलाके में रोष फैल गया। रविवार सुबह जब संगत गुरुद्वारा साहिब पहुंची तो उन्हें सड़क किनारे पवित्र अंग बिखरे हुए मिले। इसके बाद तुरंत गुरुद्वारा कमेटी को सूचित किया गया। जानकारी अनुसार गुरुद्वारा साहिब बाबा दीप सिंह जी के प्रधान जगदेव सिंह ने बताया कि 28 फरवरी को वो गुरुद्वारा साहिब में अरदास के बाद साढ़े सात बजे घर चले गए थे।
कुछ देर बाद ग्रंथी सिंह का उनको फोन आया कि गुरुद्वारा साहिब से कुछ दूरी पर संगत को गुटका साहिब के अंग फटे हुए मिले हैं। गुरुद्वारा प्रबंधन ने मामले की जानकारी पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा गुटका साहिब के अंगों को श्रद्धापूर्वक एकत्र कर गुरुद्वारा साहिब पहुंचाया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए गुरुद्वारा कमेटी ने तख्त श्री दमदमा साहिब के जत्थेदार को भी सूचित किया। सूचना मिलने पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की एक टीम तलवंडी साबो से बठिंडा पहुंची और मौके का जायजा लिया।
पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना कैनाल के प्रभारी हरजोत सिंह ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा अन्य तकनीकी और मानवीय स्रोतों के माध्यम से भी आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। गुरुद्वारा कमेटी और संगत ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
