Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'पंजाब के प्रॉक्सी मुख्यमंत्री की तरह काम कर रहे केजरीवाल', सुनील जाखड़ बोले- AAP की आ गई है एक्सपायरी डेट

    पटियाला के राजपुरा में भाजपा की किसान-मज़दूर फतेह रैली में सुनील जाखड़ ने आप सरकार पर हमला बोला। उन्होंने लैंड पूलिंग नीति को केजरीवाल सरकार की देन बताया और भगवंत मान को कठपुतली मुख्यमंत्री कहा। अश्वनी शर्मा ने आप की एक्सपायरी डेट आने की बात कही वहीं तरुण चुघ ने पंजाब को दिल्ली की राजनीति का एटीएम बताया।

    By Deepak Modgil Edited By: Sushil Kumar Updated: Sun, 17 Aug 2025 10:59 PM (IST)
    Hero Image
    केजरीवाल पंजाब के प्राक्सी मुख्यमंत्री- भाजपा (फोटो जागरण)

    प्रिंस तनेजा, राजपुरा (पटियाला)। लैंड पूलिंग वाली विवादित नीति को किसने बनाया? यह सवाल पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने रविवार को यहां भाजपा द्वारा आयोजित ‘किसान-मजदूर फतेह रैली’ में किया। उन्होंने कहा कि यह चौंकाने वाली बात है कि पंजाब सरकार को बाहरी लोग चला रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यह नीति केजरीवाल या मनीष सिसोदिया द्वारा तैयार की गई, और चीफ सेक्रेटरी को इसकी कमेटी का चेयरमैन बना दिया गया, जबकि मुख्यमंत्री और उनका कैबिनेट कहीं नहीं दिखा। फिर भी नुकसान पंजाबियों को झेलना पड़ा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब के प्राक्सी मुख्यमंत्री की तरह काम कर रहे हैं, जबकि लोगों ने वोट भगवंत मान को दिया था।

    इस मौके पर भाजपा पंजाब के कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि भाजपा ने ब्लाक और तहसील स्तर पर लगातार संघर्ष किया, जिससे सरकार को अपने किसान विरोधी एजेंडे से पीछे हटना पड़ा। उन्होंने कहा कि आप की एक्सपायरी डेट आ चुकी है।

    पंजाब की जनता अब असली बदलाव के लिए मोदी सरकार चाहती है। यहां तक कि आप पार्टी द्वारा एमएसपी जैसी घोषणाएं भी अधूरी रह गईं। पंजाब को अब हरियाणा से सीखना चाहिए, वहां भाजपा सरकार ने सभी फलों और सब्जियों पर भी एमएसपी लागू किया है। आज रोडवेज कर्मचारी, शिक्षक, डाक्टर सभी सड़कों पर हैं। पूरे राज्य में शासन व्यवस्था चरमरा गई है।

    रैली में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने इसे "पंजाबियत की जीत" बताया और आप पर आरोप लगाया कि वह पंजाब को सिर्फ दिल्ली की राजनीति का एटीएम समझ रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान खुद को कठपुतली सीएम बना चुके हैं और मनीष सिसोदिया व सत्येंद्र जैन जैसे नेताओं के इशारों पर नाच रहे हैं, जो पहले ही जेल जा चुके हैं।

    पूर्व केंद्रीय मंत्री परनीत कौर ने किसानों और भाजपा कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह रैली इस बात का सबूत है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत की ओर बढ़ रही है। यह किसानों और पंजाब, दोनों की जीत है।

    भाजपा ही पंजाब को कर्ज से मुक्ति दिला सकती है: बिट्टू

    केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू ने लैंड पूलिंग नीति की वापसी को पंजाब के किसानों के लिए ऐतिहासिक जीत बताया। उन्होंने कहा कि केवल भाजपा ही पंजाब को कर्ज़ से मुक्ति दिला सकती है और असली विकास व जनकल्याण योजनाएं ला सकती है।

    इस मौके पूर्व मंत्री मनप्रीत सिंह बादल, पूर्व मंत्री सुरजीत ज्याणी, केडी भंडारी, प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, सुभाष शर्मा और फतेह जंग सिंह बाजवा, प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष जय इंदर कौर, राजपुरा इंचार्ज जगदीश कुमार जग्गा, जिला अध्यक्ष जसपाल गगरोली, हरमेश गोयल व बिक्रमिंदरजीत सिंह चहल आदि मौजूद रहे।