पटियाला में चाचा ने ली मासूम की जान, स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहे भतीजे को चाकू गोदा; वारदात के बाद हुआ फरार
पटियाला के थाना त्रिपड़ी में एक 13 वर्षीय बच्चे अमरिंदर सिंह उर्फ शरण की उसके चाचा ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। घटना के समय बच्चा स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहा था। वारदात के बाद आरोपी चाचा फरार है और पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। परिवार ने तीनों चाचाओं पर हत्या का आरोप लगाया है जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, पटियाला। थाना त्रिपड़ी के अंतगर्त आते आनंद नगर-बी में 13 साल के बच्चे की कथित रूप से उसी के चाचा ने चाकू से गोद-गोदकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान अमरिंदर सिंह उर्फ शरण के तौर पर हुई है। वारदात उस समय हुई जब बच्चा सुबह स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहा था।
पिता ड्यूटी पर थे और मां सैर पर गई हुई थी। वारदात के बाद आरोपित चाचा खून से सना चाकू वहीं छोड़कर फरार हो गया। घर में ही बच्चे को दो चाचा और रहते थे और वे भी वारदात के बाद से फरार हैं। परिवार का आरोप है कि तीनों चाचा ने मिलकर ही शरण की हत्या की है।
फिल्हाल पुलिस ने आरोपित चाचा जोनी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक आनंदर नगर निवासी शरण सिंह के पिता अमरप्रीत सिंह सिक्योरिटी हैं और घटना के समय ड्यूटी पर गए हुए थे। वहीं, मां घरेलू महिला है और वह सैर पर गई हुई थी। परिवार का इकलौता बेटा शरण सिंह वीरवार सुबह घर में स्कूल जाने के लिए तैयार हो रहा था।
शरण के सिंह के तीनों अविवाहित चाचा जोनी, मोनू व हैप्पी भी घर में ही मौजूद थे। वे मां के देहांत के बाद एक ही घर में अलग-अलग कमरों में रहते थे। इसी बीच शरण सिंह के चाचा जोनी ने ट्रंक में रखे एक चाकू से उसके पेट में लगातार वार करते हुए उसकी हत्या कर दी। हत्या इतनी बेरहमी से की गई कि कमरे में दीवार भी खून से लाल हो गई। घटनास्थल पर खून ही खून बिखरा था और बच्चे का शव बिस्तर पर पड़ा था।
वारदात के बाद आरोपित खून से सना चाकू वहीं छोड़ फरार हो गया। घटना के बाद मोनू व हैप्पी भी घर से भाग गए, क्योंकि परिवार ने इन तीनों पर ही कत्ल का आरोप लगाया है। कमरे में फर्श और दीवार खून से लाल वारदात के समय तीनों आरोपित भाइयों के अलावा भतीजा शरण सिंह ही घर पर मौजूद था, लेकिन चाकू से हत्या करने के दौरान उसके चिल्लाने की आवाज आस-पड़ोस में भी किसी को सुनाई नहीं दीं।
परिवार में किसी भी तरह का प्रॉपर्टी विवाद भी नहीं था और न ही कोई अन्य विवाद। ऐसे में कत्ल की वजह पता नहीं चल पाई है। शरण का कत्ल इतनी बेरहमी से किया गया था कि घर की दीवारों से लेकर फर्श तक खून बिखरा हुआ था। कत्ल के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों की आंखें भी हालात देख नम हो गईं।
आरोपित चाचा के खिलाफ केस दर्ज, तलाश शुरू थाना त्रिपड़ी के एसएचओ सुखविंदर सिंह गिल ने कहा कि शरण सिहं की हत्या के मामले में उसके एक चाचा जोनी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपित डिलीवरी का काम करता है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही कत्ल की असलियत पता चल पाएगी। फिलहाल मामले में अन्य दो आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।