नहर में गिरा स्कूटर पर रहा दंपती, पति ने झाड़ी पकड़ बचाई जान, गर्भवती पत्नी की मौत
माधोपुर में दर्दनाक हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई। स्कूटी फिसलने से पति-पत्नी नहर में जा गिरे। पति तो किसी तरह बच गया लेकिन पत्नी की मौत हो गई।
सुजानपुर/माधोपुर, जेएनएन। माधोपुर में दर्दनाक हादसे में गर्भवती महिला की मौत हो गई। पति-पत्नी स्कूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटी फिसलने से दोनों नहर में जा गिरे। इस दौरान पति ने झाड़ी पकड़कर खुद को तो बचा लिया, लेकिन नहर के तेज बहाव में महिला बह गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों और पुलिस ने महिला के पेट में पल रहे आठ माह के बच्चे को बचाने के प्रयास के लिए शव को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गर्भ में पल रही बच्ची की भी तब तक सांसें थम चुकी थीं। महिला की पहचान सुजानपुर के गुगरां के देवेंद्र सिंह की पत्नी सुनीता (28) के रूप में हुई है। वह नौकरी करती थी। शुक्रवार को देवेंद्र सिंह स्कूटी पर सवार सुनीता को जुगियाल में होने वाली विभागीय बैठक के लिए लेकर जा रहा था।
दोनों माधोपुर नहर के किनारे से गुजरने रहे थ्रे तो स्कूटी का टायर स्लिप हो गया और दोनों रेलिंग से टकराकर वाहन समेत पानी में गिर गए। पानी बहाव तेज होने के कारण देवेंद्र और सुनीता खुद को संभाल नहीं सके और पानी उन्हें बहा ले गया। इस दौरान देवेंद्र सिंह ने झाड़ियों को पकड़कर जान बचाई और खुद को बाहर निकाला। उसके शोर मचाने के बाद लोगों ने नहर में सुनीता की तलाश शुरू की। काफी दूर तक जांच करने पर उसका पर्स एवं जूते मिले और करीब दो किमी. दूर पुल नंबर एक के पास सुनीता का शव मिला।
लोगों ने कर्मचारियों को सूचित कर दोनों को सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद सुनीता और उसके गर्भस्थ बच्चे को मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र सिंह की हालत अब स्थिर है। थाना प्रभारी भारतभूषण ने कहा है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
एक माह बाद होना था पहले बच्चे का जन्म
सुनीता कैलाशपुर स्थित डिस्पेंसरी में एएनएम थी। देवेंद्र सिंह निजी बैंक में कायर्रत है। दोनों का विवाह तीन साल पहले हुआ था। परिजनों ने बताया कि सुनीता एक माह बाद अपने पहले बच्चे को जन्म देनेवाली थी। हादसे में अपनी पत्नी और बच्चे को खोने के बाद देवेंद्र गहरे सदमे है और उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढ़ें: सात स्कूली बच्चों ने हरियाणा सरकार से जीती जंग, School building के लिए HC में लड़े नौनिहाल
यह भी पढ़ें: कांस्टेबल पति ने बाल काट व मुंह काला कर पत्नी को गांव में घुमाया, सौतन लाने का किया था विरोध