पठानकोट में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हत्या की साजिश का किया भंडाफोड़; बंबीहा गैंग के चार गुर्गे गिरफ्तार
पंजाब के पठानकोट में काउंटर-इंटेलिजेंस टीम ने एक संगठित अपराध मॉड्यूल का पर्दाफाश कर हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने सतनाम सिंह सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से हथियार बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में उनके विदेश में बैठे हैंडलर निशान सिंह और अन्य साथियों से संबंधों का पता चला है।
जागरण संवाददाता, पठानकोट। पंजाब के पठानकोट की काउंटर-इंटेलिजेंस टीम ने मंगलवार को एक संगठित अपराध मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर लक्षित हत्या को विफल कर दिया है। यह मॉड्यूल कई घिनौने अपराधों में शामिल है। डीजीपी गौरव यादव ने एक बयान में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है जिनमें दो किशोर शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए गुर्गों में सतनाम सिंह सत्ती, गुरप्रीत गुरी, सरम सिंह रिंकू व दीपक सिंह शामिल हैं। डीजीपी के अनुसार बरनाला पुलिस ने सोमवार को देविंदर बंबीहा गैंग के इन चार सहयोगियों को एक बड़े अभियान के दौरान गिरफ्तार किया, जब वे एक डकैती की योजना बना रहे थे।
एक नाका आपरेशन के दौरान आरोपियों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग भी की। पुलिस ने उनके कब्जे से चार हथियार एक जिगाना पिस्तौल व तीन अन्य पिस्तौल (.30 व .32 बोर) तथा कारतूस बरामद किए।
प्रारंभिक जांच में उनके विदेश में बैठे हैंडलर निशान सिंह (गुरदासपुर का जौडियां निवासी) सहित शमशेर सिंह उर्फ शेरा मन्न उर्फ हनी (निवासी मन्न) और साजन मसीह गोरू (निवासी वेरोके डेरा बाबा नानक) से संबंधों का पता चला है।
उल्लेखनीय है कि गत दिवस बटाला पुलिस ने भी दो किलो आरडीएक्स व हथियारों के साथ निशान सिंह के एक गुर्गे रविंदरपाल सिंह को गिरफ्तार किया था। इस मामले में राज्य विशेष आपरेशन सेल, अमृतसर में एक एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के अनुसार, सतनाम सिंह एक आदतन अपराधी है जिसके खिलाफ 22 से अधिक पूर्व मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट शामिल हैं। सरम सिंह व दीपक सिंह भी नशीले पदार्थों के व्यापार से जुड़े हुए हैं। एजेंसियां गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की जांच और पूछताछ कर रही हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।