लोग परेशान, प्रशासन मौन! नवांशहर में सड़क के गड्ढों को भरने के लिए निकले विद्यार्थियों, खुद शुरू की मरम्मत
नवांशहर के आरके आर्य कालेज के एनएसएस स्वयंसेवकों ने एक दिवसीय कैंप में सीमेंट, बजरी और रेत से सड़क के गड्ढे भरकर राहगीरों को राहत दी।

गड्ढों को भरते हुए विद्यार्थी।
HighLights
आरके आर्य कॉलेज के छात्रों ने सड़क के गड्ढे भरे।
राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने समाज सेवा की मिसाल पेश की।
सीमेंट, बजरी और रेत से राहों रोड की मरम्मत की गई।
संवाद सहयोगी, नवांशहर। सड़क पर बने गड्ढों के कारण लोगों को होने वाली परेशानी और हादसों के खतरे को देखते हुए नवांशहर के आरके आर्य कालेज के विद्यार्थियों ने समाज सेवा की मिसाल पेश की। शनिवार को कालेज के राष्ट्रीय सेवा योजना विभाग की ओर से आयोजित एक दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने कालेज के बाहर राहों रोड पर बने खतरनाक गड्ढों की खुद मरम्मत की।
विद्यार्थियों ने सीमेंट, बजरी और रेत की मदद से गड्ढों को भरकर सड़क को आवाजाही के लिए सुरक्षित बनाने का प्रयास किया। कालेज के बाहर सड़क पर लंबे समय से बने गड्ढों के कारण पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कालेज आने वाले विद्यार्थियों के लिए भी सड़क पर आवाजाही आसान नहीं थी।
खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए गड्ढों के कारण हादसे का खतरा बना रहता था। इसी समस्या को देखते हुए राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों ने प्रशासन का इंतजार करने के बजाय अपने स्तर पर सड़क की मरम्मत करने का निर्णय लिया।
यह भी पढ़ें- भाजपा की नशा मुक्त पंजाब यात्रा, फाजिल्का पहुंचे अर्जुन राम मेघवाल; बोले- युवाओं को दलदल से निकालना लक्ष्य
सीमेंट बजरी और रेत से भरे गड्ढे
कालेज के प्राचार्य डा. पुनीत अनेजा की अध्यक्षता में आयोजित विशेष शिविर में विद्यार्थियों ने एकजुट होकर सड़क की मरम्मत का काम शुरू किया। स्वयंसेवकों ने सड़क पर मौजूद गड्ढों में सीमेंट, बजरी और रेत डालकर उन्हें भरने का काम किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने सड़क पर आवाजाही को सुचारू और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पूरी जिम्मेदारी के साथ काम किया।
विद्यार्थियों की पहल की सराहना
कालेज प्रबंधक कमेटी के प्रधान विनोद भारद्वाज ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि सड़क के गड्ढों को भरना जरूरी था, क्योंकि इनके कारण राहगीरों, वाहन चालकों और कालेज विद्यार्थियों को परेशानी हो रही थी। गड्ढों के कारण किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती थी। विद्यार्थियों ने समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सराहनीय कार्य किया है।
यह भी पढ़ें- श्री अकाल तख्त का फैसला, SGPC सदस्य व अतिरिक्त हेड ग्रंथी को किया खालसा पंथ से निष्कासित, आजीवन सेवा पर रोक
विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
शिविर में समाज सेवा के कार्य में शामिल सभी विद्यार्थियों के लिए विशेष जलपान की व्यवस्था भी की गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारियों प्रोफेसर रोबिन कुमार, प्रोफेसर केवल कृष्ण और डा. राजिंदर गुप्ता ने विद्यार्थियों को इस कार्य के लिए प्रेरित किया और पूरी गतिविधि के दौरान उनका मार्गदर्शन किया।
कालेज प्रबंधन और स्टाफ के साथ-साथ शहर के गणमान्य लोगों ने भी विद्यार्थियों की इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि युवाओं की ओर से अपने आसपास की समस्याओं को पहचानकर उन्हें दूर करने के लिए आगे आना समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। विद्यार्थियों ने अपने प्रयास से न केवल सड़क की स्थिति सुधारने का प्रयास किया, बल्कि समाज सेवा और जिम्मेदारी की भावना का भी परिचय दिया।
