Punjab के मुक्तसर में बड़ा हादसा; मकान का छज्जा गिरने से सात बच्चे मलबे में दबे, तीन की हालत गंभीर
पंजाब के मुक्तसर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां कच्चा भागसर रोड पर एक मकान का छज्जा टूटकर गिर गया। मलबे के नीचे दबने से सात बच्चे घायल हो गए। इनमें से तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। डॉक्टर का कहना है कि इनमें से एक-दो बच्चों की टांग टूटी है। किसी की बाजू और किसी का जबड़ा टूट गया है।

श्री मुक्तसर साहिब, जागरण संवाददाता। मुक्तसर के कच्चा भागसर रोड पर एक मकान की परछत्ती (छज्जा) टूटकर बच्चों के ऊपर गिर गई। मलबे के नीचे दबने से सात बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। तीन बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
दरअसल, घर में ज्वाइंट फैमिली रहती है। जब यह हादसा हुआ तीन सगे भाइयों के बच्चे घर में खेल रहे थे। पारिवारिक सदस्य विनोद कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 11 बजे बच्चे गली में खेल रहे थे कि अचानक मकान की परछत्ती आ गिरी, जिस कारण बच्चे मलबे के नीचे दब गए। जिन्हें परिवार के अन्य सदस्यों व आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला और उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया।
मुआवजे की मांग
घायलों की पहचान मोहित (14), हर्ष (15), गौतम (12), पवन (13), शिव (12), अमन (12), सुखमन (4) के रूप में हुई है। विनोद कुमार ने बताया कि कच्चा भागसर रोड पर स्थित घर में वह तीन भाई रहते हैं जोकि मजदूरी का काम करते हैं। प्रशासन से मांग की है कि उनके बच्चों का उपचार करवाया जाए और उन्हें बनता मुआवजा दिया जाए।
ऊषा बांसल नर्सिंग होम के डॉक्टर ने बताया कि मुक्तसर में एक मकान की परछत्ती गिर जाने के कारण सात बच्चे उनके पास अस्पताल में पहुंचे थे, जिनका उपचार चल रहा है। जिनमें से तीन बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई। डॉ. मुकेश बांसल ने बताया कि इनमें से एक-दो बच्चों की टांग टूटी है। किसी की बाजू और किसी का जबड़ा टूट गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।