Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मलोट में डेंगू से एक और मौत, अब तक पांच की गई जान

    जिले में डेंगू का कहर जारी है। मलोट शहर में डेंगू से एक और की मौत हो गई।

    By JagranEdited By: Updated: Sat, 06 Nov 2021 04:37 PM (IST)
    Hero Image
    मलोट में डेंगू से एक और मौत, अब तक पांच की गई जान

    जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब

    जिले में डेंगू का कहर जारी है। मलोट शहर में डेंगू से एक और मरीज की मौत हो गई है। मलोट के खेस बाजार का निवासी देवजोत सिंह मक्कड़ उर्फ हैरी मक्कड़ पुत्र इंद्रजीत सिंह मक्कड़ बीते दिनों डेंगू की चपेट में आ गया था। पहले उसका मलोट शहर में इलाज चलता रहा। इस उपरांत उसे बठिडा लेकर जाया गया लेकिन वहां से भी उसे लुधियाना रेफर कर दिया गया था। लुधियाना में शनिवार की सुबह उसकी मृत्यु हो गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    28 वर्षीय हैरी मक्कड़ कपड़े की दुकान करता था। उसकी मौत के साथ मलोट शहर में डेंगू से मरने वाले लोगों की संख्या पांच हो गई है। इससे पहले बीते अक्टूबर माह में चार लोगों की डेंगू जान ले चुका है। जिसमें एक आठ वर्षीय बच्ची, दो बुजुर्ग व एक गर्भवती महिला शामिल हैं।

    जिले भर में डेंगू का कहर थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। हालांकि अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में मौसम में तब्दीली आने के साथ उम्मीद जताई जा रही थी कि अब डेंगू का प्रकोप कम हो जाएगा लेकिन डेंगू का डंक पहले की तरह ही जारी है।

    31 अक्टूबर तक जिले भर में डेंगू मरीजों की कुल संख्या 1245 थी। जोकि बीते छह दिन में ही बढ़कर 1412 पर पहुंच गई है। छह दिन में 167 लोग और डेंगू की चपेट में आ गए हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है। सभी शहरों और कसबों में जागरूकता रैलियां निकाली जा रही हैं। घर घर जाकर डेंगू से बचाव के लिए लोगों को जानकारी दी जा रही है। जागरूकता पंफलेट बांटे जा रहे हैं। इसके अलावा 40 टीमों को फील्ड में उतारा गया है। जोकि जहां डेंगू का लारवा चेक करके उन्हें नष्ट कर रही हैं। वहीं-वहीं जगह पर दवा का छिड़काव भी किया जा रहा है। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद कहीं राहत दिखाई नहीं पड़ रही है।

    यूं तो जिले भर में ही डेंगू के केस बढ़ते जा रहे हैं। सर्वाधिक लोग श्री मुक्तसर साहिब व मलोट शहर में इसकी चपेट में आ रहे हैं। मुक्तसर शहर में छह दिनों में डेंगू के मरीजों की संख्या 373 से बढ़कर 496 हो गई है। इसी तरह मलोट शहर में यह संख्या 569 से बढ़कर 595 हो गई है। गिद्दड़बाहा में राहत है। जहां छह दिनों में एक ही नया मरीज आया है। छह दिन पहले यहां संख्या 175 थी। जोकि अब बढ़कर 176 हो गई है। स्वास्थ्य विभाग के चक्क शेरेवाला ब्लाक में यह संख्या 30 से बढ़कर 42, आलमवाला ब्लाक में 30 से बढ़ कर 32, दोदा ब्लाक में 40 से बढ़कर 41 तथा लंबी ब्लाक में 28 से बढ़कर संख्या 30 हो गई है।