विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मुक्तसर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार, पांच पिस्तौल और 10 मैगजीन बरामद

Published: Tue, 02 Sep 2025 11:39 PM (GMT+05:30)

श्री मुक्तसर साहिब में पुलिस ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पांच ...और पढ़ें

मुक्तसर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार। फाइल फोटो
मुक्तसर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, श्री मुक्तसर साहिब। पुलिस ने कुख्यात गैंग्सटर लारेंस बिश्नोई गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पांच अवैध हथियार और 10 मैगजीन बरामद की हैं। इन हथियारों में चार 32 बोर की पिस्तौल और एक पिस्तौल 30 बोर हैं।

आरोपित हथियार मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से लेकर आए थे। इनमें से दो पिस्तौल आरोपितों ने अपने पास रखनी थी और तीन अपने अन्य साथी को सप्लाई करनी थी। यह अपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। प्रेस वार्ता में एसएसपी डा. अखिल चौधरी ने बताया कि सीआइए स्टाफ मलोट ने थाना कबरवाला पुलिस के साथ डीएसपी लंबी की देखरेख में क्षेत्र में गश्त की और नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी शुरू की।

इसी दौरान गांव पक्की टिब्बी बस अड्डे पर दो व्यक्ति पुलिस को देखकर घबरा गए। इस दौरान गुरदीप सिंह निवासी वार्ड नंबर 10 बधनी कलां जिला मोगा और गुरसेवक सिंह उर्फ मोटा निवासी गांव मनू के संधू तहसील जगराओं जिला लुधियाना के बैगों की तलाशी ली गई तो उनसे पांच पिस्तौल बरामद हुईं। दोनों को गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत थाना कबरवाला में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

गुरदीप सिंह के खिलाफ थाना बधनीकलां में दो अपराधिक मामले दर्ज हैं। जेल में बिश्नोई गैंग के गुर्गों से हुई थी मुलाकातएसएसपी ने बताया कि गुरदीप सिंह ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि जेल में उसकी मुलाकात हरजोत सिंह उर्फ नीला व जगदीप सिंह उर्फ जग्गा निवासी गांव धूलकोट जिला मोगा के साथ हुई।

ये दोनों लारेंस बिश्नोई गैंग से संबंधित हैं। हरजोत के कहने पर गुरदीप सिंह और उसका साथी गुरसेवक सिंह मध्यप्रदेश के इंदौर में गए और एक अज्ञात व्यक्ति ने उनको पांच पिस्तौल सौंपे थे।

इनमें से दो पिस्तौल गुरदीप और गुरसेवक ने अपने पास रखने थे और तीन आगे सप्लाई करने थे। जांच में पता चला है कि हरजोत सिंह के खिलाफ 12 और जगदीप सिंह के खिलाफ 10 अपराधिक मामले विभिन्न जिलों व राज्यों में दर्ज हैं।

गिरफ्तार आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जा रहा है। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान गुरदीप सिंह ने बताया कि उसके रिश्तेदार देस राज की हत्या रणजीत सिंह, हंसा हलवाई, नौसा व शीपा ने की है। यह आरोपित इस समय जेल में हैं। इस मामले की भी जांच शुरू होगी।