विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुक्तसर में नहर में कूदे बाप-बेटे की दूसरे दिन भी तलाश जारी, एनडीआरएफ ने संभाली कमान, अब तक नहीं मिला सुराग

Published: Thu, 21 May 2026 12:13 PM (IST)

श्री मुक्तसर साहिब में आर्थिक नुकसान को लेकर हुए विवाद के बाद युवक नहर में कूद गया। बेटे को बचाने ...और पढ़ें

नहर में जांच करते हुए एनडीआरएफ।

नहर में जांच करते हुए एनडीआरएफ।

HighLights

  1. बाप-बेटे की सरहिंद फीडर नहर में तलाश जारी।

  2. आर्थिक विवाद के बाद नहर में कूदे थे दोनों।

  3. NDRF टीमें दूसरे दिन भी चला रही हैं सर्च अभियान।

जागरण संवाददाता, मुक्तसर साहिब। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब में एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। आपसी विवाद के बाद सरहिंद फीडर नहर में कूदे बाप-बेटे की तलाश दूसरे दिन भी जारी रही। गुरुवार सुबह से NDRF की टीमों ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग सका।

घटना बुधवार सुबह करीब दस बजे की बताई जा रही है। दशमेश नगर निवासी 25 वर्षीय हरतेज सिंह और उसके पिता मक्खन सिंह थाना सिटी के सामने स्थित सब्जी मंडी में फल-सब्जी की रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। बताया जा रहा है कि खराब माल आने और आर्थिक नुकसान होने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी।

परिवार के सदस्यों के अनुसार सुबह मंडी से अधिक मात्रा में फल-सब्जी खरीदने के कारण नुकसान हो गया था। इसी बात को लेकर पिता ने बेटे को डांट दिया। इससे नाराज होकर हरतेज सिंह घर से निकल गया और कोटकपूरा रोड स्थित सरहिंद फीडर नहर पर पहुंचकर अचानक नहर में छलांग लगा दी।

यह भी पढ़ें- नई एलबम रिलीज होते ही श्री हरिमंदिर साहिब पहुंचे मनकीरत औलख, फैंस से मिले और वाहेगुरु का जताया आभार

बेटे को डूबता देख पिता ने भी लगाई छलांग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब पिता मक्खन सिंह ने बेटे को नहर में डूबते देखा तो वह भी उसे बचाने के लिए तुरंत नहर में कूद पड़ा। हालांकि नहर में पानी का बहाव काफी तेज था, जिसके चलते दोनों कुछ ही पलों में लापता हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। गुरुवार को दूसरे दिन भी टीमों ने नहर में लगातार तलाश अभियान चलाया। गोताखोरों और बचाव कर्मियों ने कई किलोमीटर तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अभी तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

यह भी पढ़ें- फरीदकोट में नामांकन विवाद ने पकड़ा तूल, सतीश ग्रोवर की गिरफ्तारी पर भड़के कार्यकर्ता, शहर किया बंद

परिवार सुरक्षित मिलने की उम्मीद में बैठा

परिवार के सदस्य लगातार मौके पर मौजूद हैं और दोनों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं। हरतेज सिंह शादीशुदा था और उसका आठ माह का एक बेटा भी है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मक्खन सिंह के भाई कुलदीप सिंह ने बताया कि आर्थिक नुकसान को लेकर घर में तनाव था। उन्होंने कहा कि किसी ने भी नहीं सोचा था कि मामूली विवाद इतना बड़ा हादसा बन जाएगा।

यह भी पढ़ें- पंजाब में गहराया पेट्रोल-डीजल का संकट, एडवांस पेमेंट के बाद भी नहीं मिल रहा तेल; पंपों पर लग रही लंबी कतारें