रिश्ते शर्मशार: 13 साल की बेटी के साथ दुष्कर्म कर पिता ने किया गर्भवती, बच्चा गिराने के लिए करवाया गर्भपात
पंजाब के मुक्तसर में पिता ने ही बेटी के साथ दुष्कर्म कर उसे गर्भवती कर दिया। तीन चार महीने बाद इसका भेद खुला। बच्चा गिराने के लिए पिता ने बेटी का गर्भपात भी करा दिया। इस बीच बच्ची की हालत बेहद खराब हो गई। ज्यादा खून बहने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

संवाद सूत्र, जागरण मलोट (मुक्तसर)। मलोट शहर में बाप- बेटी के पवित्र रिश्ते को शर्मशार करने वाली घटना हुई है। एक पिता द्वारा पत्नी की मौत के बाद अपनी मानसिक रूप से बीमार 13 साल की नाबालिग बेटी के साथ धक्के से शारीरिक संबंध बना उसे गर्भवती कर दिया। मामला तब खुला जब बच्ची लगभग तीन चार माह की गर्भवती हो गई और उसका गर्भपात कर दिया।
बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे सिविल अस्पताल मलोट में भर्ती कराया गया, जहां से अस्पताल के डॉक्टरों की तरफ से शिकायत पुलिस थाना सिटी में दी गई। जिसके बाद पुलिस ने जांच कर आरोपित पिता के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित बिहार राज्य से आया हुआ है और मलोट के एक मोहल्ले में किराए के मकान पर बच्चों के साथ रह रहा था।
अधिक खून बहने से हालत नाजुक
डॉक्टरों के अनुसार पीड़ित बच्ची को मोहल्ले की दो महिलाएं तीन सितंबर की शाम सात बजे अस्पताल लेकर आई थीं। उस समय बच्ची की हालत काफी नाजुक थी और बहुत अधिक खून बह रहा था। अस्पताल स्टाफ ने तुरंत इलाज शुरू कर दिया।
लेकिन कुछ समय बाद जो महिलाएं उसे अस्पताल लाई थीं, वे बिना बताएं चली गईं। कुछ समय बाद बच्ची का पिता अस्पताल पहुंचा। उसने बताया कि वह गली-गली रेहड़ी लगा गुजारा करता है और शाम को घर लौटता है।
यह बच्ची उसकी सबसे बड़ी बेटी है। उसकी पत्नी की मृत्यु पांच साल पहले हो चुकी है। उसके कुल चार बच्चे हैं। दो लड़के और दो लड़कियां और यह लड़की सबसे बड़ी है। साथ ही वह मानसिक रूप से अस्वस्थ है।
बच्ची का चल रहा इलाज
सिविल अस्पताल मलोट की गायनेकोलाजिस्ट डा. रमीती गुप्ता और सर्जन डा. विकास बंसल ने बताया कि बच्ची की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। संभवतः उसके गर्भ में बच्चा था, जिसे गिराने (गर्भपात) की कोशिश की गई और इसी प्रक्रिया के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई।
इसके बाद उसे अस्पताल लाया गया। डाक्टरों ने बताया कि यह सब बच्ची की हालत देखकर अनुमान लगाया जा रहा है, हालांकि सभी जरूरी टेस्ट किए जा रहे हैं। फिलहाल बच्ची की हालत स्थिर है और उसका इलाज किया जा रहा है।
थाना प्रभारी हरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें मोहल्ले के एक व्यक्ति ने मामले में शिकायत दर्ज करवाई है। जिसके बाद जांच की गई और अब आरोपित व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।