'एक नंबर का ड्रामेबाज... उपचुनाव आते ही याद आया गिद्दड़बाहा'; सीएम मान ने राजा वड़िंग को ये क्या कह दिया
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पर जमकर निशाना साधा है। मान ने कहा कि वड़िंग सिर्फ चुनाव के समय ही लोगों के बीच आते हैं और ड्रामा करते हैं। आम दिनों में उन्हें किसानों की समस्याओं से कोई मतलब नहीं होता। वहीं मान ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर भी तंज कसा।
जागरण संवाददाता, गिद्दड़बाहा (मुक्तसर)। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग अब उपचुनाव है तो मंडी में रात काट कर ड्रामा कर रहे हैं। आम दिनों में यह लोग किसानों की समस्या तक नहीं सुनते। विधानसभा में राजा वड़िंग मेरे बिल्कुल सामने बैठा करते थे।
लेकिन राजा ने कभी भी गिद्दड़बाहा के लोगों की समस्या मेरे सामने नहीं उठाई। अब यह ड्रामा कर रहा है। मुख्यमंत्री मान विधानसभा हलका गिद्दड़बाहा के गांव गुरुसर और कोटभाई में उम्मीदवार हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों के पक्ष में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग और मनप्रीत बादल गिद्दड़बाहा से विधायक कई बार विधायक रहे हैं। यह लोग बताए कि गिद्दड़बाहा के लिए इन्होंने क्या किया है।
न लुधियाना, न गिद्दड़बाहा वड़िंग तो कहीं न मिलते: मान
मुख्यमंत्री मान ने कहा, 'जब लोकसभा चुनाव थे तो लुधियाना में राजा वड़िंग लुधियाना वासियों से कहते थे कि वो अब उनके पास लुधियाना में ही रहेंगे। लुधियाना को नहीं छोड़ेंगे। अब गिद्दड़बाहा में उपचुनाव है तो यहां के लोगों को भी यही बात कह रहे हैं कि वो गिद्दड़बाहा में ही रहेंगे। लेकिन सच्चाई यह है कि राजा वड़िंग न तो लुधियाना में मिलते हैं और न ही गिद्दड़बाहा में।
ये भी पढ़ें: 'मुझे 10 दिन दो... पंजाब से गैंगस्टर खत्म कर दूंगा', राजा वड़िंग बोले- DGP गौरव नहीं कर रहे अच्छा काम
अगर मिलते हैं तो अपने मुक्तसर वाले घर में मिलते हैं। यही हाल मनप्रीत बादल का है। अब मनप्रीत कह रहे हैं कि वो वनवास काट कर गिद्दड़बाहा में आया है। इनको मैं पूछता हूं कि वनवास दिया किसने है। दो बार वित्त मंत्री रहे हैं। गिद्दड़बाहा के लिए क्या किया है। वड़िंग उर्दू में शेर पढ़ते हैं जिसकी लोगों को समझ भी नहीं आती।'
सीएम हाउस में आने के लिए बेचैन हैं ये लोग: मान
उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल पर तंज कसते हुए कहा कि जब उक्त लोगों को पंजाब की जनता ने फतवा दिया तो इन लोगों ने चंडीगढ़ में सीएम हाउस में रहने के स्थान पर अपने महल बना लिए।
कैप्टन ने पटियाला में और सुखबीर बादल ने सुख विलास बना लिया। फिर पंजाब की जनता ने दोनों को उन्हीं महलों में पक्का बिठा दिया और अब उसी सीएम हाउस में आने के लिए हाथ पांव मार रहे हैं। लेकिन पंजाब की जनता ने उक्त नेताओं का सफाया कर दिया है।
सीएम मान ने राजा वड़िंग पर हमला बोलते हुए कहा कि वड़िंग लोगों से कह रहे हैं कि 2027 में कांग्रेस की सरकार आ रही है और मैं पंजाब का मुख्यमंत्री बनने जा रहा हूं। लोगों को धमका रहे हैं कि जो लोग मुझे वोट नहीं करेंगे उनको मैं देख लूंगा। उन्होंने कहा कि लोगों को डरा कर चुनाव नहीं जीते जाते। गिद्दड़बाहा के लिए किया क्या है।
उन्होंने कहा कि एक दिन कैप्टन अमरिंदर सिंह मंडियों में दौरा कर रहे थे। लंबे समय बाद फील्ड में दिखे हैं। जब सीएम थे तो बाहर नहीं निकलते थे। यही हाल अकाली दल का था। जब से पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार आई है तब से यह लोग घरों से बाहर निकलें हैं।
सीएम बोले- सभी से हिसाब लिया जाएगा
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पिछली सरकारों ने बठिंडा का थर्मल प्लांट के 1200 एकड़ जमीन एक रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से पट्टे पर चीन की एक कंपनी को दे रखी थी। उक्त कंपनी से 49 साल का कांट्रेक्ट कर रखा था। पुरानी सरकारों ने पंजाब को ऐसे घाटे के सौदे कर खुद के घरों को भरा है। लेकिन मैंने यह कांट्रेक्ट रद कर दिया है। उन्होंने कहा कि मेरे पास सबकी फाइलें हैं। सभी से हिसाब लिया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।