महिलाओं पर विवादित बयान देकर घिरे चरणजीत सिंह चन्नी, महिला आयोग ने जारी किया नोटिस
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी गिद्दड़बाहा में महिलाओं के बारे में दिए गए विवादित बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद राज्य महिला आयोग ने चन्नी को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। विपक्ष ने भी चन्नी की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं। महिला आयोग ने इस मामले में पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा है।

राजिंदर पाहड़ा, श्री मुक्तसर साहिब। पूर्व मुख्यमंत्री व जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी गिद्दड़बाहा में महिलाओं के बारे दिए बयान पर विवादों में घिर गए हैं। इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद राज्य महिला आयोग ने चन्नी को नोटिस जारी कर मंगलवार को मोहाली स्थित दफ्तर में पेश कर स्पष्टीकरण दाखिल करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, चन्नी पर एफआईआर दर्ज करने की भी बात कही गई है।
प्रचार के दौरान चन्नी ने दिया विवादित बयान
चन्नी रविवार को गिद्दड़बाहा में कांग्रेस उम्मीदवार अमृता वड़िंग के पक्ष में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक कहानी सुनाते हुए महिलाओं को लेकर विवादित बयान दिया था। इसके अलावा चन्नी पर विरोधी पार्टी पर तंज कसने के दौरान जट और हिंदू भाईचारे के लोगों की उदाहरण देते हुए विवादित बात बयान देकर दो धर्मों में चुनाव के दौरान शांति भंग करने के भी आरोप लगे हैं। महिला आयोग ने इस पर कार्रवाई करने के लिए पंजाब के डीजीपी को पत्र लिखा है।
कंग ने चन्नी की मानसिकता पर उठाए सवाल
उधर, विपक्ष ने चन्नी की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं। श्री आनंदपुर साहिब से सांसद मालविंदर सिंह कंग ने कहा कि चन्नी की मानसिकता पूरी कांग्रेस पार्टी की मानसिकता को दर्शाती है।
वहीं गिद्दड़बाहा से आप उम्मीदवार हरदीप सिंह डिंपी ढिल्लों ने कहा कि कांग्रेस ने एक महिला को उम्मीदवार तो बनाया है लेकिन उनके नेताओं की सोच देखिए उसी महिला के पास खड़े होकर ऐसा आपत्तिजनक बयान देना निंदनीय है।
ऐसा करके चन्नी ने महिलाओं का अपमान किया है। चन्नी पंजाब के सीएम रह चुके हैं उनके मुंह से ऐसे शब्द शोभा नहीं देते। महिला आयोग को चन्नी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- Punjab News: चन्नी के वायरल वीडियो पर बीबी जागीर कौर ने दी अपनी प्रतिक्रिया, महिला आयोग ने DGP से मांगी रिपोर्ट
पेश नहीं हुए तो दर्ज की जाएगी एफआईआर
राज्य महिला आयोग राज लाली गिल ने जारी नोटिस में कहा है कि चरणजीत सिंह चन्नी ने महिलाओं के प्रति बहुत ही शर्मनाक बयान दिया है। वहीं दो भाइचारों में फूट डालने का प्रयास किया गया है। अगर 19 नवंबर सुबह 11 बजे चन्नी उनके कार्यालय में पेश होकर अपना स्पष्टीकरण नहीं देते तो समझ लिया जाएगा कि आप अपनी सफाई में कुछ नहीं कहना चाहते और डीजीपी पंजाब को आपके खिलाफ भारतीय संहिता बीएनएस के तहत एफआइआर दर्ज करने के लिए लिखा जाएगा।
चन्नी का विवादों से पुराना नाता
इसी वर्ष हुए लोकसभा चुनाव के दौरान भी जालंधर में पूर्व सीएम चन्नी शिअद नेता बीबी जगीर कौर के गाल पर हाथ लगाने पर विवादों में घिर गए थे। उस समय भी मामला राज्य महिला चुनाव आयोग के पास चला गया था। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया था। इसके अलावा सीएम रहते हुए एक महिला आइएएस अधिकारी को गलत मैसेज करने का भी आरोप लगा था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।