विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्टडी वीजा के नाम पर युवती से 6 लाख 62 हजार की ठगी, फरीदकोट के आरोपी पर मामला दर्ज

Published: Fri, 10 Apr 2026 02:18 PM (IST)

मोगा में युवती को विदेश भेजने के नाम पर 6.62 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया। आरोपी ने ...और पढ़ें

विदेश भेजने के नाम पर लिए थे तकरीबन 17 लाख।

विदेश भेजने के नाम पर लिए थे तकरीबन 17 लाख।

HighLights

  1. स्टडी वीजा के नाम पर 6.62 लाख की ठगी।

  2. फरीदकोट निवासी वीर इन्द्रपाल सिंह पर केस दर्ज।

  3. मोगा पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया।

संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा जिले में स्टडी वीजा के नाम पर ठगी का एक मामला सामने आया है, जिसमें एक युवती को विदेश भेजने का झांसा देकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी की गई। थाना सिटी पुलिस ने इस मामले में फरीदकोट निवासी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, जीरा निवासी नवीन सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी विदेश में पढ़ाई के लिए जाना चाहती थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात फरीदकोट के डोगर बस्ती निवासी वीर इन्द्रपाल सिंह से हुई, जिसने खुद को इस काम में सक्षम बताते हुए युवती को विदेश भेजने का भरोसा दिलाया।

शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी ने स्टडी वीजा लगवाने के नाम पर उनसे कुल 17 लाख 26 हजार रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब युवती को विदेश नहीं भेजा गया तो परिवार को शक हुआ। इस पर उन्होंने आरोपी से संपर्क किया, जिसके बाद उसने 17 लाख 26 हजार रुपये में से 10 लाख 64 हजार रुपये वापस कर दिए।

यह भी पढ़ें- बठिंडा में किराए पर होटल लेकर शुरू किया देह व्यापार का धंधा, भोली-भाली लड़कियों से करवाते थे घिनौना काम; 8 गिरफ्तार

6.62 लाख नहीं लौटाए, करता रहा टाल मटोल

लेकिन बाकी बचे 6 लाख 62 हजार रुपये लौटाने में आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। जब भी पीड़ित परिवार पैसे वापस लेने या वीजा प्रक्रिया के बारे में बात करता, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर बात टाल देता था।

आखिरकार परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इस मामले की लिखित शिकायत जिला पुलिस प्रमुख मोगा को दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई। शाखा द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अपनी रिपोर्ट पुलिस प्रमुख को सौंप दी गई।

यह भी पढ़ें- मोगा में हो रहा था गंदा खेल, स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार; आपत्तिजनक सामग्री सहित समेत 6 गिरफ्तार

पुलिस ने मामला किया दर्ज

इसके बाद पुलिस के निर्देशों पर थाना सिटी-1 में आरोपी वीर इन्द्रपाल सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विदेश भेजने के नाम पर होने वाली ठगी के मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों को भी जागरूक रहने और बिना पूरी जानकारी के किसी को पैसे न देने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें- कमल भाभी हत्याकांड का मुख्य आरोपित अमृतपाल लाया जा रहा पंजाब; Video आया सामने, बठिंडा कोर्ट में पेश किया जाएगा