सूफना और लेख मूवी की पंजाबी एक्ट्रेस तानिया के पिता पर जानलेवा हमला, बदमाशों ने ताबड़तोड़ बरसाईं गोलियां
मोगा के धर्मकोट में पंजाबी अभिनेत्री तानिया (Punjabi Actress Tania) के पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज को दो युवकों ने गोली मार दी। यह घटना कोट ईसे खां में उनके नर्सिंग होम में हुई जहाँ बदमाश पेट दर्द का बहाना करके आये थे। गंभीर रूप से घायल डॉ. कंबोज को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
संवाद सहयोगी, मोगा। विधानसभा क्षेत्र धर्मकोट के कस्बा कोट ईसे खां में शुक्रवार को दिनदहाड़े पंजाबी फिल्मों की अभिनेत्री तानिया (Punjabi Actress Tania) के पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज को दो युवक गोलियां मारकर फरार हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस थाने से करीब 500 मीटर की दूरी पर चौराहे में स्थित हरबंस नर्सिंग होम में हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत है। पूरी घटना नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।
पेट में दर्द का बहाना बनाकर आए बदमाश
एसएसपी अजय गांधी ने बताया कि सुबह 11 बजे डॉ. अनिलजीत कंबोज अपने हरबंस नर्सिंग होम के कैबिन में बैठे थे। इस दौरान दो युवक पेट में दर्द की दवा लेने के बहाने आए।
दोनों दवा लेने के बाद वहां से चले गए। इसके बाद करीब 11:30 बजे दोनों एक बार फिर नर्सिंग होम पहुंचे और आते ही उन्होंने डॉ. अनिलजीत पर फायरिंग कर दी। दो गोलियां लगने से डॉ. अनिलजीत वहां गिर पड़े। इसके बाद दोनों पैदल ही वहां से फरार हो गए।
तानिया की ओर से आई प्रतिक्रिया
तानिया और उनके परिवार की ओर से, हम यह बताना चाहते हैं कि यह उनके और उनके परिवार के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण और भावनात्मक समय है। हम मीडिया से अनुरोध करते हैं कि वे उनकी निजता का सम्मान करें और उन्हें इस प्रक्रिया को समझने के लिए आवश्यक स्थान दें।
हम सभी से संवेदनशील होने और स्थिति के बारे में अटकलें लगाने या कहानियाँ बनाने से बचने का आग्रह करते हैं। आपकी समझ और समर्थन के लिए धन्यवाद।
कौन हैं तानिया ?
पंजाब की रहने वाली तानिया का जन्म 6 मई, 1993 को हुआ था। अपने पिता की तरह ही उन्होंने भी डॉक्टर बनने के लिए पंजाब से पढ़ाई की थी। बाद में उन्होंने एक्टिंग क्षेत्र में करियर बनाने के बारे में सोचा। तानिया (Who is Punjabi Actress Tania) ने अपना फिल्मी करियर 2018 में पंजाबी फिल्म किस्मत से शुरू किया था। इस फिल्म में एमी विर्क और सरगुन मेहता लीड रोल में थे। इसके अलावा तानिया न बाजरे दा सिट्टा, रब्ब दा रेडियो 2, सूफना, ओए मखना, , मोह और गुड्डियां पटोले जैसी फिल्मों में भी किरदार अदा किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।