Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाबी अभिनेत्री के डॉक्टर पिता पर हमला: पाकिस्तान डॉन ने ली जिम्मेदारी, कहा- एक महीने से मांग रहा था रंगदारी

    कस्बा कोट इसे खां में हरबंस नर्सिंग होम के डॉक्टर अनिलजीत कंबोज पर रंगदारी न देने पर हमला हुआ। शहजाद भट्टी ग्रुप ने जिम्मेदारी ली। एसएसपी मोगा ने हालचाल जाना। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज किया। डॉक्टर कंबोज का ऑपरेशन हुआ हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच कर रही है।

    By RAJ KUMAR RAJU Edited By: Sushil Kumar Updated: Sat, 05 Jul 2025 09:17 PM (IST)
    Hero Image
    शहजाद भट्टी ग्रुप ने ली हमले की जिम्मेदारी। वीडियो से ली गई फोटो

    संवाद सूत्र, कोट ईसे खां (मोगा)। विधानसभा हलका धर्मकोट के कस्बा कोट ईसे खां में हरबंस नर्सिंग होम में पंजाबी फिल्म अभिनेत्री तानिया के सौतेले पिता डॉ. अनिलजीत कंबोज पर हुए हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी ने ली है। मामला रंगदारी से जुड़ा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    फेसबुक पर डॉन शहजाद भट्टी ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में उसने लिखा है कि उसकी ओर से डॉक्टर से करीब एक महीने से रंगदारी मांगी जा रही थी, लेकिन डॉ. अनिलजीत ने उनको रंगदारी नहीं दी, इसी कारण हमला करवाया है।

    दवाई लेने के बहाने आए पगड़ीधारी दो युवकों ने शुक्रवार को वारदात को अंजाम दिया था। उन्होंने डॉक्टर को दो गोलियां मारी थीं। अभी डॉ. अनिलजीत वेंटिलेटर पर हैं।

    वारदात को अंजाम देने वाले हमलावरों का वीडियो और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सामने आई है। इसमें दिख रहा है कि कैबिन में डॉ. अनिलजीत कंबोज और साथ में उनका बेटा डॉ. चाहत कंबोज कुर्सी पर बैठे हैं।

    मरीज बनकर आया युवक ने चला दी गोली

    एक हमलावर डाक्टर के पास अपनी टांग पर कोई जख्म दिखा रहा है और फिर दूसरा हमलावर डाक्टर के कैबिन के दरवाजे पर खड़ा है। जैसे ही मरीज बनकर आया हमलावर अपने पायजामा को ऊपर करके टांग पर जख्म को दिखाता है और डॉ. अनिलजीत टॉर्च की लाइट से उसे देखने लगते हैं तो मौका देखकर दरवाजे पर खड़ा युवक पिस्तौल निकालता है और गोली चलाता है।

    इस दौरान डॉ. अनिलजीत के साथ ही दूसरी कुर्सी पर बैठे उनके बेटे भी घबरा जाते हैं। इतने में जब दोनों हमलावर भागने लगते हैं तो वहीं हमलावर डॉक्टर की तरफ दूसरी गोली चलाता है। इससे वह जमीन पर गिर जाते हैं। हमलावर नर्सिंग होम के साथ वाली गली में पैदल ही फरार हो जाते हैं।

    पुलिस ने दर्ज किया केस

    डॉ. अनिलजीत को उनका बेटा तुरंत संभालता है और लहूलुहान हालत में मोडिसिटी अस्पताल लेकर निकल जाता है। घटना के 24 घंटे बाद भी हमलावरों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। थाना कोट ईसे खां के इंस्पेक्टर गुरविंदर सिंह ने कहा कि पुलिस ने डॉ. चाहत कंबोज निवासी धर्मकोट रोड कोट ईसे खां के बयानों पर डॉ. अनिलजीत कंबोज पर हमला करने वाले दो अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज कर दिया है।

    एसपी एच बालकृष्ण सिंगला ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। इसमें साइबर सेल के सहयोग से दस टीमें बनाई गई हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के अनुसार जांच आगे बढ़ रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

    एक गोली पेट के आरपार हुई

    मोगा मेडिसिटी अस्पताल के एमडी डा. अजमेर कालड़ा ने कहा कि डा. अनिलजीत कंबोज को लहूलुहान अवस्था में शुक्रवार दोपहर को उनके अस्पताल में लाया गया था। उनको दो गोलियां लगी थीं। उस समय अस्पताल में पूरी टीम थी।

    उन्होंने डा. कंबोज को आइसीयू में वेंटिलेटर पर रखते हुए करीब तीन घंटे में आपरेशन किया। एक गोली पेट के आरपार हो गई थी, जिससे पेट में अधिक नुकसान हुआ है जबकि दूसरी गोली पेट के अंदर ही फंसी थी जिसके छर्रों ने डा.अनिलजीत के कई अंगों को खराब कर दिया।

    उन्होंने तुरंत टीम के साथ डाक्टर अनिलजीत कंबोज का आपरेशन किया। अभी वह वेंटिलेटर पर हैं और हालत गंभीर बनी हुई है।