पुरानी रंजिश का नतीजा है मोगा अंगदपुरा गोलीकांड, DGP गौरव यादव घटनास्थल पर पहुंचे; 5 आरोपी गिरफ्तार
मोगा के अंगदपुरा में पुरानी रंजिश के चलते हुई गोलीबारी में दो युवकों की मौत हो गई। घटनास्थल पहुंचे डीजीपी ...और पढ़ें
HighLights
डीजीपी गौरव यादव ने घटनास्थल का जायजा लिया।
गोलीकांड में पुरानी रंजिश का मामला सामने आया।
पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, मोगा। पंजाब में मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में हुए सनसनीखेज गोलीकांड के बाद पंजाब के डीजीपी गौरव यादव सोमवार को घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार के सदस्यों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि रविवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें से दो की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना के बाद पुलिस की विभिन्न टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान पुनीत गाबा, किरण पाल सिंह, कुलविंदर सिंह, बलजीत कौर और जीवन सिंह के रूप में हुई है। इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के साथ उन लोगों की भी तलाश कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर आरोपितों को पनाह दी या वारदात से पहले रेकी करने में मदद की।
यह भी पढ़ें- मोगा में खूनी वारदात, घर के बाहर खड़े 4 युवकों पर बरसाईं गोलियां; दो की मौत
घर के बाहर खड़े युवकों पर चलाई गोलियां
गौरतलब है कि अंगदपुरा मोहल्ले में घर के बाहर खड़े युवकों पर काली स्कॉर्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। इस दौरान कई युवक गोली लगने से घायल हो गए थे, जबकि दो युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी थी।
यह भी पढ़ें- गेहूं के प्रमाणित बीजों पर मिलेगी 50 प्रतिशत की छूट, पंजाब में ढाई लाख किसानों को मिलेगा योजना का लाभ
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
डीजीपी ने कहा कि पुलिस घटनाक्रम की हर कड़ी की बारीकी से जांच कर रही है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर वारदात से जुड़े तथ्यों को खंगाला जा रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि गोलीकांड को किस तरह अंजाम दिया गया और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
परिवार को मिलेगा इंसाफ
डीजीपी गौरव यादव ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उन्हें प्राथमिकता के आधार पर इंसाफ दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस गैंगस्टरवाद और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है। अंगदपुरा गोलीकांड के बाद पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
