मोगा में खूनी वारदात, घर के बाहर खड़े 4 युवकों पर बरसाईं गोलियां; दो की मौत
मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम चार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई, जिसमें दो की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं।

मोगा में खूनी वारदात: अंगदपुरा में फायरिंग से दो युवकों की मौत, दो घायल।
HighLights
मोगा के अंगदपुरा में चार युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग
हमले में दो युवकों की मौत, दो अन्य गंभीर घायल
पुलिस पुरानी रंजिश के एंगल से मामले की जांच कर रही
संवाद सहयोगी, मोगा। मोगा के अंगदपुरा मोहल्ले में रविवार देर शाम उस समय दहशत फैल गई, जब घर के बाहर खड़े चार युवकों पर हथियारबंद हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए हमलावरों ने पहले युवकों से किसी के बारे में पूछताछ की और फिर अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
इस हमले में चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
वारदात के बाद हमलावर भागे
जानकारी के अनुसार, अंगदपुरा मोहल्ले के रहने वाले साहिल जिंदल उर्फ लडी, गगन, राघव और सुखप्रीत रविवार शाम करीब 7:15 बजे अपने घर के बाहर खड़े होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की स्कॉर्पियो गाड़ी वहां पहुंची।
गाड़ी में सवार हथियारबंद युवकों ने पहले उनसे पता पूछा और इसके तुरंत बाद उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गोलियां लगने से चारों युवक खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े, जबकि हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल पहुंचने पर एक युवक ने तोड़ा दम
फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिसिटी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद गगन को मृत घोषित कर दिया।
गंभीर रूप से घायल साहिल जिंदल उर्फ लंडी को बेहतर उपचार के लिए लुधियाना स्थित डीएमसी अस्पताल ले जाया गया, जहां देर रात उसकी भी मौत हो गई। वहीं, राघव और की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों का अस्पताल के आईसीयू में उपचार जारी है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी सरताज सिंह चाहल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मौके की जांच करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर कब्जे में लिए हैं। पुलिस इन फुटेज के जरिए हमलावरों की गाड़ी के आने-जाने के रास्ते और आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।
एसएसपी सरताज सिंह चाहल ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। संदिग्ध ठिकानों पर छापामारी की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर वारदात का पर्दाफाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
