मानसा के पूर्व सरपंच से गैंगस्टर रोहित गोदारा ने मांगे दो करोड़, जान से मारने की दी धमकी
मानसा में पूर्व सरपंच से गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर दो करोड़ की रंगदारी मांगी गई। धमकी मिलने पर ...और पढ़ें

फोन की धमकी के बाद वॉयस मैसेज भेज भी धमकाया।
HighLights
पूर्व सरपंच कुलविंदर सिंह से दो करोड़ की रंगदारी मांगी।
गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर जान से मारने की धमकी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, सुरक्षा चिंता बढ़ी।
संवाद सहयोग, मानसा। पंजाब के मानसा जिले में गैंगस्टर गतिविधियों का मामला एक बार फिर सामने आया है। गांव कोटधरमू के पूर्व सरपंच और अकाली दल वारिस के जिला अध्यक्ष कुलविंदर सिंह से कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम पर दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। शिकायत मिलने के बाद थाना सदर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कुलविंदर सिंह ने बताया कि वीरवार दोपहर उनके मोबाइल पर एक संदेश सेवा के माध्यम से कॉल आई। कॉल करने वाला व्यक्ति हिंदी में बात कर रहा था और खुद को रोहित गोदारा बता रहा था। उसने सीधे तौर पर दो करोड़ रुपये की मांग की और चेतावनी दी कि यदि दो दिनों के भीतर रकम नहीं दी गई तो उन्हें जान से मार दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- अमृतसर में टोल प्लाजा पर किसानों का प्रदर्शन, चार घंटे टोल फ्री रहा; मुआवजा व न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उठाई मांग
फोन के बाद भेजे वॉयस मैसेज
पीड़ित के अनुसार, कॉल के बाद आरोपी ने एक वॉयस मैसेज भी भेजा, जिसमें धमकी को दोहराया गया। इस घटना के बाद पूर्व सरपंच और उनका परिवार दहशत में है। कुलविंदर सिंह ने बताया कि उनका किसी के साथ कोई व्यक्तिगत विवाद नहीं है, इसके बावजूद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी उन्हें गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिल चुकी हैं।
यह भी पढ़ें- सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत का Video वायरल, पागल कहने पर भड़कीं; गंभीर आरोपों के बीच सुखबीर बादल को खुली चुनौती
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की शुरू
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस चौकी कोटधरमू के प्रभारी बलजिंदर सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब कॉल के स्रोत और भेजे गए संदेशों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि यदि उन्हें इस प्रकार की कोई धमकी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
इस घटना ने एक बार फिर इलाके में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में आगे की कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- 'बिना सबूत और गवाहों के दोषी ठहराकर सुना दी सजा', गुरमीत राम रहीम की अपील पर CBI से जवाब तलब
