विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 15, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

CM भगवंत मान ने अस्पताल और ITI का किया औचक निरीक्षण, मरीजों से की बात; बोले- कोढ़ को दूर करने के लिए काम कर रही सरकार

Published: Sun, 15 Dec 2024 06:15 PM (IST)

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने रविवार को बुढ़लाडा का औचक दौरा किया। उन्होंने सिविल अस्पताल और सरकारी आईटीआई का ...और पढ़ें

अस्पताल का औचक निरीक्षण करते पंजाब के सीएम भगवंत मान।
अस्पताल का औचक निरीक्षण करते पंजाब के सीएम भगवंत मान।

संवाद सूत्र, बुढ़लाडा (मानसा)। राज्य के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने रविवार को शहर का औचक दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय सरकारी आईटीआई और सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। सिविल अस्पताल में उन्होंने दाखिल मरीजों के साथ भी बातचीत की।

हालांकि बाद में पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छापेमारी नहीं है, बल्कि सिविल अस्पताल में उनके द्वारा कुछ समय पहले किए गए जच्चा-बच्चा जांच केंद्र के उद्घाटन की पुनरावृत्ति है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ-साथ भर्ती मरीजों से भी बातचीत की है। मरीजों ने उन्हें बताया कि यहां के डॉक्टर समय पर उनकी देखभाल कर रहे हैं और सभी दवाएं भी अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाती हैं।

भगवंत मान ने कहा कि सिविल अस्पताल के पास दवा खरीदने के लिए अतिरिक्त पैसे हैं। लेकिन अस्पताल में स्टाफ नर्सों और सफाई सेवकों की कमी है। जिसे जल्दी दूर किया जाएगा।

सीएम ने मांगी पूरी रिपोर्ट

इसी तरह उन्होंने सरकारी आईटीआई का दौरा किया है। बुढलाडा आईटीआई एक बहुत पुराना औद्योगिक संस्थान है। उन्होंने देखा है कि यहां करीब 600 विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं। लेकिन यह संस्थान आज खंडहर का रूप ले चुका है।

विद्यार्थियों के भविष्य को देखते हुए उन्होंने तुरंत एडीसी डेवलपमेंट को निर्देश जारी किए हैं कि वे एक सप्ताह के भीतर इस भवन के संबंध में पूरी जानकारी उपलब्ध कराएं कि कौन सा हिस्सा तोड़ने योग्य है और कौन सा हिस्सा नए सिरे से बनाया जाना है। उन्होंने इस संबंध में पूरी रिपोर्ट मांगी है।

जिसके बाद इस संस्थान की हालत में सुधार किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए प्राथमिकता के आधार पर काम कर रही है। जिसके चलते समय-समय पर डाक्टरों और प्रशिक्षुओं की भर्ती की जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर डॉक्टर और प्रशिक्षु नहीं होंगे तो अस्पताल और स्कूल कैसे चलेंगे।

कोढ़ को दो से तीन साल में करेंगे दूर

उन्होंने कहा कि कमियों को दूर किया जा रहा है। क्योंकि 75 साल का कोढ़ दो से तीन साल में दूर हो सकता है, इसलिए सरकार उस कोढ़ को दूर करने के लिए लगातार काम कर रही है और जल्द ही लोगों को और अधिक सुविधाएं प्रदान करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने यह भी कहा कि बुढ़लाडा की अनाज मंडी को भी बाहर ले जाया जाएगा। जिसके लिए जगह देखी जा रही है।

इस अवसर पर हलका विधायक बुधराम और सरदूलगढ़ हलका के विधायक गुरप्रीत सिंह बनांवाली, मानसा हलका के विधायक डॉ. विजय सिंगला, पंजाबी गायक और राजनेता करमजीत अनमोल, एसएसपी भागीरथ सिंह मीना, एडवोकेट रमन गुप्ता, शैंकी गर्ग, एडवोकेट अवतार सिंह कलीपुर, गौरव गोयल, गुरदर्शन पटवारी, बलविंदर सिंह आदि भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें- पंजाब नगर निगम चुनाव: AAP ने जारी किया घोषणा पत्र, लुधियाना के विकास के लिए अमन अरोड़ा ने दी 5 गारंटी