पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से पंजाब में बदला मौसम, कई जिलों में झमाझम हुई बारिश; आज भी बरसेंगे बादल
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पंजाब के कई जिलों में मौसम बदल गया है। पटियाला चंडीगढ़ और संगरूर समेत कई जगहों पर तेज़ हवा के साथ बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है और 21 जून तक मानसून आने की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से रविवार को पंजाब के कई जिलों में मौसम बदल गया। तेज हवा के साथ पटियाला, चंडीगढ़, संगरूर सहित कई जिलों में वर्षा हुई। कहीं बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से अधिकतर जिलों में तेज हवा चलेगी।
इस दौरान हल्की से मध्यम वर्षा की भी संभावना है। 21 जून तक मौसम ऐसा ही रह सकता है। इसके बाद मानसून आ जाएगा। रविवार को बठिंडा को छोड़कर अन्य सभी जिलों में अधिकतम तापमान 34 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
शनिवार को ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक था। बठिंडा में तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि पंजाब में सबसे अधिक था। संगरूर में 16 और पटियाला में 7.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।
गुरदासपुर व फिरोजपुर में हल्की बूंदाबांदी हुई है। हिमाचल के बारालाचा, कुंजुम व रोहतांग दर्रा में रविवार को हल्का हिमपात हुआ। शिमला, कांगड़ा व धर्मशाला में झमाझम वर्षा हुई। कांगड़ा में 34, धर्मशाला में 16, शिमला व कुफरी में सात-सात मिलीमीटर दर्ज की गई। शिमला में वर्षा के बीच पर्यटक झूमते दिखे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।