लुधियाना: 18 हजार रुपये के विवाद में हुई सोनम की हत्या, 16 दिन बाद हत्यारा गिरफ्तार; ऐसे दिया वारदात को अंजाम
लुधियाना के सलेम टाबरी इलाके में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने संजीव कुमार नामक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने ब्याज पर पैसे लिए थे और महिला द्वारा कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने से नाराज था। 21 जून को उसने महिला के घर में घुसकर तेजधार हथियार से उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से आरोपी को गिरफ्तार किया।

संवाद सहयोगी, लुधियाना। सलेम टाबरी न्यू करतार नगर इलाके में 16 दिन पहले महिला की हत्या मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने महिला से ब्याज पर पैसे लिए थे और महिला उसे कई बार गलत शब्द बोल देती थी। इसी से गुस्साए आरोपित ने हत्या कर दी। आरोपित की पहचान अमन नगर सलेम टाबरी निवासी संजीव कुमार उर्फ काकू के रूप में हुई है।
मृतका सोनम जैन के दो बच्चे हैं जोकि विदेश में रहते हैं। महिला पैसे ब्याज पर देने का काम भी करती थी। आरोपित संजीव कुमार ने उससे 18 हजार रुपये ब्याज पर लिए थे। आरोपित ने बताया कि जब उसकी कुछ किस्तें टूटीं तो महिला ने उसे व उसकी मां को अपशब्द बोले। तभी उसने हत्या की साजिश रची थी। 21 जून की सुबह महिला सोनम जैन का पति सुरिंदर काम पर निकल गया। इस दौरान महिला घर पर अकेली थी।
आरोपित मुंह ढंककर घर में दाखिल हुआ और तेजधार हथियार से महिला की हत्या कर दी। जब उसका पति शाम को घर लौटा तो उसकी पत्नी बाथरूम में मृत पड़ी थी। पुलिस ने सेफ सिटी कैमरे, घरों, दुकानों व गलियों में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए, जहां से आरोपित की फुटेज मिली। जांच के दौरान पुलिस ने पांच जुलाई को आरोपित को दाना मंडी के इलाके से धर लिया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।