यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लुधियाना में पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर काराेबारी ने परिवार समेत किया आत्मदाह का प्रयास, जानें पूरा मामला
दुगरी के फेस-1 स्थित सीआरपीएफ काॅलोनी निवासी सतिंदरपाल सिंह ने बताया कि काली सड़क इलाके में उसकी भाटिया आटो पार्टस ...और पढ़ें

लुधियाना, जेएनएन। पुलिस की तरफ से कार्रवाई नहीं करने से आहत एक व्यक्ति ने साेमवार काे सीपी दफ्तर के बाहर परिवार समेत मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद मीडिया कर्मियों ने आगे बढ़कर उन्हें रोका और पानी डाला। पुलिस कमिश्नर ने परिवार के सदस्यों काे अपने पास बुलाकर मामला सुना और कार्रवाई का आश्वासन दिया। अपनी व्यथा सुनाते हुए दुगरी के फेस-1 स्थित सीआरपीएफ काॅलोनी निवासी सतिंदरपाल सिंह ने बताया कि काली सड़क इलाके में उसकी भाटिया आटो पार्टस के नाम से दुकान है। करीब 50 दिन पहले पड़ोसियों ने उस दुकान पर कब्जा कर लिया है।
इस संबंध में 29 मार्च को उसने थाना बस्ती जोधेवाल पुलिस के पास एक शिकायत दी थी। मगर आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। बार-बार उसे थाने बुलाकर जलील किया जाता रहा। इस संबंध में मुख्यमंत्री, डीजीपी पंजाब तथा पुलिस कमिश्नर को दरख्वास्त दे चुका है। वह जब भी थाने जाता था उसे बाताें में लगाकर वापस भेज दिया जाता है। इससे तंग आकर सोमवार वह अपनी पत्नी पायल, बेटे सचकीरत सिंह व बेटी महरीन कौर के साथ आत्मदाह करने के लिए पुलिस कमिश्नर दफ्तर आया था।
पुलिस कमिश्नर दफ्तर के बाहर सतिंदरपाल सिंह ने खुद पर तेल उड़ेलने के बाद माचिस की तीली जला ली। अगर एक पल की देरी हाेती हो तो वो आग की लपेट में आ जाता। मगर मीडिया कर्मियों ने उसे ऐसा करने से रोक लिया। मगर हैरत की बात है कि सामने खड़े पुलिसकर्मी मूकदर्शक बने रहे। उनमें से किसी ने भी उसे ऐसा करने से नहीं रोका। जब मीडिया कर्मियों ने उस पर पानी डाल दिया तब वह लोग पास आए और मामला पूछा।
