पंजाब में जमकर बरसे मेघ, लुधियाना में टूटा रिकॉर्ड; तीन घंटे में हुई 71.6 मिमी वर्षा
पंजाब के लुधियाना में मानसून की जोरदार बारिश हुई, जहां तीन घंटे में 71.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो 2019 के बाद जून में एक दिन में सबसे अधिक है। इससे पंजाब में तापमान कम हुआ लेकिन उमस बढ़ी। मौसम विभाग ने पंजाब और हिमाचल में और भारी बारिश की चेतावनी दी है। हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा से लाहुल-स्पीति में बाढ़ आ गई, जिससे लगभग 4000 पर्यटक कई घंटों तक फंसे रहे।
-1750821418531.webp)
पंजाब के लुधियाना में तीन घंटे में 71.6 मिमी वर्षा। फाइल फोटो
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना में मानसून जोरदार बरसा। यहां तीन घंटे में 71.6 मिलीमीटर वर्षा हो गई। 2019 के बाद पहली बार जून में एक दिन में इतनी वर्षा हुई। इससे पहले 21 जून, 2019 को 63.2 मिमी वर्षा हुई थी। वहीं नवांशहर में 24.6, चंडीगढ़ व रूपनगर में 14, पठानकोट में 10, पटियाला में 8.1, फतेहगढ़ व होशियारपुर में 4.5 मिमी वर्षा हुई।
पंजाब में वर्षा के कारण दिन का तापमान कम रहा, लेकिन उमस ज्यादा रही। अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जो सामान्य से पांच डिग्री कम था। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार व वीरवार को कई जिलों में भारी वर्षा हो सकती है। 27 से 30 जून तक हिमाचल से सटे जिलों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।
हिमाचल में शिमला, कांगड़ा, हमीरपुर, मंडी, कुल्लू व लाहुल स्पीति में वर्षा हुई। भारी वर्षा से लाहुल स्पीति जिले में बाढ़ से खासा नुकसान हुआ। मनाली-शिंकुला-जंस्कार, मनाली-बारालाचा-लेह व मनाली-काजा-समदो मार्ग पर कई जगह नालों में बाढ़ आ गई। जिंगजिंगबार के पास बाढ़ आने से बर्फ देखने बारालाचा गए लगभग तीन हजार व शिंकुला के समीप एक हजार से अधिक पर्यटक पांच घंटे फंसे रहे।
रात आठ बजे सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने पर्यटकों को निकाला गया। स्पीति घाटी में लोसर के समीप नाले में बाढ़ आने से चार वाहन मलबे में फंस गए हैं। हालांकि, सभी लोग सुरक्षित हैं। कांगड़ा जिले के तहत नूरपुर उपमंडल में चक्की खड्ड में बाढ़ आने से रेलवे पुल की मरम्मत में जुटे तीन मजदूर पानी के बहाव में फंस गए।
मौसम विभाग ने बुधवार को हिमाचल में भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। भारत मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में दिल्ली में कभी भी मानसूनी वर्षा शुरू हो सकती है। राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड एवं बंगाल में वर्षा का दौर शुरू हो गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।