पंजाब में दो दिन बाद कैबिनेट विस्तार, विभागों में फेरबदल भी तय; CM मान ने बताया किसे मिलेगी जगह
Punjab Cabinet Expension: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद घोषणा की है कि अगले दो-चार दिनों में कैबिनेट का विस्तार होगा। लुधियाना पश्चिम उपचुनाव जीतने वाले संजीव अरोड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने चंडीगढ़ में आप कार्यालय के लिए जमीन आवंटन और धान की खरीद जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की।
पंजाब में कैबिनेट विस्तार अगले चार दिनों में हो जाएगा (सोशल मीडिया फोटो)
इन्द्रप्रीत सिंह, चंडीगढ़। Punjab Politics News: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद यह तय हो गया है अगले दो चार दिन में ही कैबिनेट का विस्तार होगा। लुधियाना पश्चिमी विधानसभा उपचुनाव में संजीव अरोड़ा के जीतने के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि कैबिनेट का विस्तार होगा और कैबिनेट में खाली पड़े दो पदों को भरने के अलावा कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल भी किया जा सकता है।
राज्यपाल से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले दो चार दिन में कैबिनेट का विस्तार होगा हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने मंत्री बनाए जा रहे हैं। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस मुलाकात को ''शिष्टाचार'' करार दिया।
सीएन ने राज्यपाल से की मुलाकात
मुख्मयंत्री और राज्यपाल के बीच 25 मिनट तक बैठक की, जिससे अटकलें लगाई जा रही हैं कि उन्होंने मंत्रिमंडल में नए लोगों को शामिल करने के लिए समय मांगा है। मीटिंग के बाद जब वह पत्रकारों से बात कर रहे थे तो उन्होंने इस सवाल कि क्या मंत्रिमंडल में फेरबदल होगा, पर उन्होंने कहा, ''अभी तक ऐसा कोई फैसला नहीं हुआ है।
हमने लुधियाना के लोगों से वादा किया था कि अगर वे पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा को विधानसभा में भेजेंगे तो हम उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करेंगे। उन्होंने कहा कि 2022 में हम 7,000 वोटों के अंतर से जीते थे। अब हम 10,000 से अधिक वोटों से जीते हैं। हमें लोगों के जनादेश का सम्मान करना चाहिए।'' उन्होंने कहा, 'विस्तार दो-चार दिन में हो जाएगा। कोई बदलाव नहीं होगा।
संजीव अरोड़ा को मिलेगी मंत्रिमंडल में जगह
हमने जालंधर के लोगों से वादा किया था कि अगर वे मोहिंदर भगत को चुनेंगे, तो हम उन्हें मंत्री बनाएंगे। जालंधर के लोगों ने उन्हें चुना। उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। अब लुधियाना के लोगों ने उन्हें चुना है।
सीएम ने कहा कि हमने वादा किया था। हम उन्हें बनाएंगे। अब मुझसे मत पूछिए कि उन्हें कौन सा विभाग दिया जाएगा।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वह उपचुनाव में आप को जीत का जश्न मनाने के लिए कल दिल्ली जा रहे हैं। आप को गुजरात में भी बड़ी जीत हासिल हुई है जहां पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने भाजपा के प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार को 17 हजार के बड़े अंतर से हराया है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली स्थित कपूरथला हाउस में यह जश्न मनाया जाएगा। संजीव अरोड़ा के जीतने पर उनकी खाली हुई राज्यसभा की सीट पर किसे भेजा जाएगा, इस सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा, अरविंद केजरीवाल ने साफ कर दिया है कि वह राज्यसभा नहीं जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें इस बारे में सोचना चाहिए कि कौन सा ऐसा व्यक्ति भेज जाए जो राज्य के मुद्दों को राज्यसभा में उठाएगा। यह पूछे जाने पर कि क्या यह पार्टी का वालंटियर होगा या कोई उद्योगपति, इस पर उन्होंने कहा कि क्या उद्योगपति पार्टी कार्यकर्ता नहीं हो सकता? क्या संजीव अरोड़ा आप के कार्यकर्ता नहीं हैं?
चंडीगढ़ में कब बनेगा आप का कार्यालय?
राज्यपाल से मुलाकात के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सत्ता में होने के बावजूद चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी (आप) को पार्टी कार्यालय बनाने के लिए अभी तक जगह नहीं मिली है। मैंने आज राज्यपाल के पास जमीन अलॉट करने का मुद्दा उठाया है। उन्होंने कहा,आप एक राष्ट्रीय पार्टी है।
लुधियाना पश्चिम में हम जीते हैं। गुजरात में भी हम जीते हैं। हम एक राष्ट्रीय पार्टी हैं। चंडीगढ़ में कार्यालय पाने के लिए हम सभी शर्तें पूरी करते हैं। मैंने राज्यपाल को अपनी मांग सौंपकर आप के लिए कार्यालय मांगा है। इस मुद्दे पर मैं आज उनसे मिला। उन्होंने मुझे आश्वासन दिया कि हमें जल्द ही कार्यालय के लिए जगह मिल जाएगी।
चंडीगढ़ हमारी राजधानी है। वैसे भी 60:40 के अनुपात के हिसाब से राजधानी पर हमारा हक है।मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस साल धान की आवक 15 दिन पहले होगी, क्योंकि सरकार ने रोपाई की तारीख 1 जून आगे कर दी है। 'यह 15 सितंबर तक बाजार में आ जाएगी। देखते हैं। हमने यह प्रयोग इसलिए किया है, क्योंकि धान में नमी की वजह से खरीद में दिक्कतें आ रही थीं।
कांग्रेस में गुटबाजी पर मान ने कहा, यह सवाल तो कांग्रेस की लीडरशिप से पूछा जाना चाहिए कि गुटबाजी कब खत्म होगी। अगर परिवार का मुखिया नियंत्रण में नहीं होता है, तो परिवार ज्यादा दिन नहीं चलता।
शिरोमणि अकाली दल को मिले आठ हजार वोटों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए भगवंत मान ने कहा कि उन्हें 90,000 में से 8,000 वोट मिले। यह छह प्रतिशत बनता है। पार्टी प्रधान सुखबीर बादल को ही नहीं बल्कि पूरे शिरोमणी अकाली दल को राजनीति छोड़ देनी चाहिए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।