लुधियाना में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिवार ने किया हंगामा; अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप
लुधियाना के निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने समय पर उपचार न मिलने और दुर्व्यवहार का आरोप लगाकर हंगामा किया।

अस्पताल के बाहर हंगामा करते हुए और स्टाफ से बहस करते हुए मृतक के परिजन।
HighLights
प्रसव के बाद महिला खुशबू देवी की मौत।
परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाया।
पुलिस मामले की जांच में जुटी, पोस्टमार्टम होगा।
संवाद सूत्र, लुधियाना। लुधियाना के ग्यासपुरा चौक स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत पर स्वजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। मृतका खुशबू देवी के परिजनों ने आरोप लगाया कि सामान्य प्रसव के बाद उसकी हालत बिगड़ने लगी, लेकिन समय रहते उचित उपचार नहीं दिया गया। हालत गंभीर होने पर उसे दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया, जहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर हंगामा किया। स्वजनों की ओर से पहुंचे राज सिंह के साथ डॉक्टर की ओर से कथित तौर पर धक्कामुक्की करने का आरोप भी लगाया गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना डिवीजन नंबर छह की पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार खुशबू देवी को 21 अक्टूबर को प्रसव के लिए ग्यासपुरा चौक स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उसी दिन दोपहर 3 बजकर 19 मिनट पर उसने सामान्य प्रसव के दौरान बच्ची को जन्म दिया। परिवार का कहना है कि शुरुआत में अस्पताल की ओर से मां और नवजात बच्ची की हालत ठीक बताई गई थी।
यह भी पढ़ें- परविंदर झोटा के परिवार से बैठक के बाद आरोपियों के घर पहुंची जांच टीम; आज रिमांड ले सकती है CBI
नर्स पर दुर्व्यवहार का आरोप
परिजनों का आरोप है कि देर रात खुशबू के पेट में तेज दर्द होने लगा। इस दौरान अस्पताल की एक नर्स ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया और थप्पड़ मारे। उनका कहना है कि महिला की हालत बिगड़ने के बावजूद समय पर उचित उपचार नहीं किया गया। वीरवार तड़के उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे एसपीएस अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही अस्पताल के गेट के पास उसकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष जताया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। उनका कहना है कि प्रसव वाले कमरे की सीसीटीवी फुटेज की जांच करवाई जाए, ताकि पता चल सके कि प्रसव के समय कौन-कौन से चिकित्साकर्मी मौजूद थे। थाना डिवीजन नंबर छह के एसएचओ प्रमोद राज ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद मृतका का शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में बर्थडे पार्टी से लौट रहे मशहूर पंडित छोले-कुलचे वाले के बेटे की हत्या, झगड़े के बाद मारी गोलियां
महिला के सेल काउंट में आई थी गिरावट
उधर, अस्पताल के डॉक्टर हरीश ने बताया कि प्रसव के बाद महिला का सेल काउंट 33 हजार रह गया था। परिजनों को महिला की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई थी और हालत गंभीर होने पर बड़े अस्पताल में ले जाने की संभावना भी बताई गई थी।
डॉक्टर का दावा है कि महिला को तड़के करीब साढ़े तीन बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी और सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने हंगामा शुरू किया। फिलहाल, परिजनों और अस्पताल प्रबंधन के बयानों में अंतर है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों तथा इलाज में कथित लापरवाही के आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
