लुधियाना पश्चिम उपचुनाव: जीवन गुप्ता ने किया डोर-टू-डोर प्रचार, हरियाणा के CM ने गोपाल नगर में मांगे वोट
लुधियाना पश्चिम विधानसभा उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हैबोवाल में प्रचार किया। सैनी ने पंजाब सरकार पर भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं से पंजाब के लोगों को वंचित रखने का आरोप लगाया और 2027 में पंजाब में भाजपा की सरकार बनाने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, लुधियाना। पश्चिम विधानसभा उप चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशी जीवन गुप्ता ने हैबोवाल के गोपाल नगर क्षेत्र में डोर टू डोर प्रचार कर वोट मांगे। इसी दौरान जनसभा आयोजित की गई । इस दौरान हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने जीवन गुप्ता के हक में वोट मांगे।
इस दौरान सीएम सैनी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पहले कांग्रेस ने पंजाब को लूटा । अब आम आदमी पार्टी कांग्रेस से चार गुना आगे निकल गई है। आज पंजाब में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर की धज्जियां उड़ रही हैं। लेकिन भगवंत मान सरकार को सिर्फ केजरीवाल की चिंता है।आज पंजाब के लोग आप सरकार की गलत नीतियों से त्रस्त है।
दूसरी ओर केंद्र की मोदी सरकार द्वारा कई कल्याणकारी योजनाओं देश हित के लिए बनाई गई है । परंतु पंजाब के लोग आप सरकार की उदासीनता के कारण इन योजनाओं से वंचित हैं। सैनी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने नीति नीयत और नेतृत्व को लेकर देश हित के लिए कई फैसले लिए हैं।
उन्होंने कहा कि लुधियाना पश्चिम की जनता इस बार आप को बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा कि 2027में पंजाब में भाजपा का आना तय है। ये चुनाव मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने लुधियाना पश्चिम के वोटरों से अपील करते हुए कहा कि पंजाब और लुधियाना के भविष्य को लेकर 19 जून को कमल का बटन दबा जीवन गुप्ता को विजई बनाए।
जिससे लुधियाना पश्चिम का विकास हो और पूरा क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं से लैस हो। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष रजनीश धीमान, नरेंद्र सिंह मल्ली, डॉ निर्मल नैय्यर, नवल जैन, रोहित सिक्का, गुरदीप सिंह नीटू आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।