लुधियाना पश्चिम उपचुनाव: 'AAP ने पहले दिल्ली को लूटा, अब पंजाब पर नजर'; मनजिंदर सिरसा बोले- सत्ता के बिना नहीं रह सकते केजरीवाल
भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने लुधियाना में कहा कि आप नेता केजरीवाल दिल्ली को लूटने के बाद अब पंजाब को लूटने की फिराक में हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार पंजाब की जमीन को बिल्डरों को बेचकर अपनी जेबें भरेगी। सिरसा ने आप सरकार पर दिल्ली में घोटाले करने और पंजाब का पैसा दूसरे राज्यों में बहाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा को जिताने की अपील की।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। दिल्ली सरकार में मंत्री व भाजपा नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने पश्चिम विधानसभा के मतदाताओं को दिल्ली की जनता द्वारा नकारे गए आप के केजरीवाल, मनीष सिसोदिया तथा सत्येंद्र जैन जैसे नेताओं से सावधान रहने की चेतावनी दी है।
आरोप लगाया कि आप शीर्ष लीडरशिप दिल्ली को लूटने के बाद अब उनकी नजर पंजाब पर है। कहा कि ये लोग सत्ता के लालची हैं। आप पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को जब दिल्ली की जनता ने चुनाव में नकार दिया तो वे एक दिन भी दिल्ली की जनता के साथ खड़े नहीं हुए और पंजाब पहुंच गए, क्योंकि केजरीवाल सत्ता के बिना नहीं रह सकते। केजरीवाल अमेरिकी नीति पर काम कर रहे हैं।
अमेरिका ने विकास के नाम पर इराक, अफगानिस्तान और लीबिया जैसे देशों को बर्बाद कर दिया। उसी तरह से केजरीवाल ने दिल्ली के साथ ऐसा किया और अब पंजाब में करने जा रहे हैं। इसलिए आपलोग आप नेताओं को सत्ता से दूर रखें। साथ ही भाजपा के उम्मीदवार जीवन गुप्ता को जिताने की अपील की।
ये बातें शनिवार को लुधियाना में पश्चिमी से भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के समर्थन में प्रचार करने पहुंचे मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने फिरोजपुर रोड स्थित शंहशाह पैलेस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। कहा कि दिल्ली के शराब माफिया की तरह भू-माफिया भी दिल्ली से पंजाब में आ गए हैं और यह सरकार राज्य के गांवों में 25000 एकड़ जमीन लेने की योजना बना रही है।
आरोप लगाया कि केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आप नेता पंजाब की बेशकीमती जमीन को बिल्डरों को बेचकर सिर्फ अपनी जेबें भरेंगे। कहा कि वह लुधियाना में केजरीवाल और उनकी टीम की कार्यप्रणाली को उजागर करने आए हैं। सिरसा ने कहा कि आप के लुटेरे गिरोह के पास लूटने के तीन तरीके हैं।
जैसे दिल्ली में उन्होंने पहले कुछ रसायनों की मदद से धान की पराली की समस्या को खत्म करने की घोषणा की थी। जब दिल्ली में धान की पराली की कोई समस्या नहीं है। तब भी उन्होंने 2.8 लाख रुपये का कंपाउंड खरीदा और इस कंपाउंड के विज्ञापन पर 32 करोड़ रुपये खर्च किए।
फिर उन्होंने दलित छात्रों को छात्रवृत्ति के रूप में 83 लाख रुपये दिए और इस योजना के प्रचार के लिए 50 करोड़ रुपये खर्च किए।
इसी तरह, दिल्ली सरकार ने ऑड ईवन योजना शुरू की थी जबकि सरकार की इसमें कोई भूमिका नहीं है। लेकिन फिर भी उन्होंने दिल्ली में सिर्फ विज्ञापन पर 55 करोड़ रुपये खर्च किए। अब पंजाब का पैसा दूसरे राज्यों में भी आप सरकार द्वारा बहाया जा रहा है।
पंजाब के लोग समझदार हैं और वह भी बदलाव लाए। मोदी सरकार जो कहती है वह कर रही है। केंद्र ने गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों की संख्या 344.47 मिलियन से घटाकर 75.24 मिलियन कर दी है।
यदि भाजपा आई तो विकास होगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महासचिव अनिल सरीन,परमिंदर सिंह बराड़, जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान, गुरदेव शर्मा देबी, के.डी भंडारी, नरेंद्र सिंह मल्ली, प्रेस सचिव डा.सतीश कुमार आदि भाजपा नेता मौजूद रहे ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।